Breaking News

पीएम नरेंद्र मोदी कल सूरत और दमन में कई जनकल्याण कार्यक्रमों में होंगे शामिल     |   पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष ने ऋतबृत बनर्जी के निष्कासन को अवैध बताया     |   इंडिया ब्लॉक की 8 जून को होने वाली बैठक में DMK ने शामिल नहीं होने का ऐलान किया     |   कर्नाटक: ‘बेंगलुरु विकास मंत्रालय ही चाहिए’, मंत्री रामलिंगा की CM डीके से डिमांड     |   पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कालीघाट मंदिर में मां काली के दर्शन किए     |  

राहुल गांधी का चार साल बाद उत्तराखंड दौरा, पौड़ी से होगा चुनावी शंखनाद

कांग्रेस के शीर्ष नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद करेंगे। अल्मोड़ा में जनसभा के बाद वह पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे। वह अंकिता भंडारी के घर और कोटद्वार में मोहम्मद दीपक के जिम भी जा सकते हैं, हालांकि इन कार्यक्रमों को पार्टी ने सार्वजनिक नहीं किया है। रात्रि विश्राम मसूरी में होगा। 

राहुल गांधी अल्मोड़ा पहुंचकर सुबह 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद अल्मोड़ा से पौड़ी आएंगे। यहां पूर्व सैनिक सम्मेलन में संवाद करेंगे। राहुल गांधी अग्निपथ योजना, वन रैंक वन पेंशन, ईसीएचएस, पूर्व सैनिकों की पेंशन को आयकर के दायरे में लाने के साथ अन्य मुद्दों को धार देकर भाजपा पर सियासी वार करेंगे।

लगभग चार साल बाद राहुल गांधी उत्तराखंड पहुंच रहे। जहां से वह 2027 के चुनाव का शंखनाद करेंगे। पांच जून को देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला, महानगर, अनुषांगिक संगठनों के साथ बैठक कर आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे और तैयारियों पर फीडबैक लेंगे। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ.हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता अल्मोड़ा पहुंच गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की अंतिम तैयारियों पर फीडबैक लिया गया। पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम स्थलों में तैयारियों में अंतिम रूप देने में जुटे है। वहीं कंट्रोल रूम से पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाया गया।

कंट्रोल रूम प्रभारी नवीन जोशी ने बताया कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से राज्य के सभी वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री मनीष नागपाल, विजय सारस्वत, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह समेत मौजूद रहे।