Breaking News

‘24 मार्च को होंगे पार्लियामेंट के लिए चुनाव’, डेनमार्क के प्रधानमंत्री का ऐलान     |   IND vs ZIM T20 WC: चेन्नई में ज‍िम्बाब्वे ने जीता टॉस, भारत की पहले बल्लेबाजी     |   महाराष्ट्र: सुनेत्रा अजित पवार को सर्वसम्मति से NCP का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया     |   भारत और इजरायल के बीच शिक्षा और AI से जुड़े समझौते हुए     |   पीएम मोदी का इजरायल दौरा: भारत और इजरायल के बीच कई समझौते हुए     |  

Uttarkashi: विनाशकारी बाढ़ से अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि, बढ़ सकता है आंकड़ा

Uttarakhand: गंगोत्री जाने वाले रास्ते पर स्थित धराली के ऊंचाई वाले गांवों में मंगलवार को बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। अधिकारियों ने बताया कि तेज़ पानी ने कई घरों को बहा दिया और कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। धराली गंगोत्री जाने के रास्ते में मुख्य पड़ाव है और यहां कई होटल, रेस्टोरेंट और होमस्टे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि खीर गंगा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में कहीं बादल फटने के बाद ये विनाशकारी बाढ़ आई। उत्तरकाशी के ज़िला मजिस्ट्रेट प्रशांत आर्य ने बताया कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। हर्षिल से सेना की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है।

एक ग्रामीण राजेश पंवार ने बताया कि मलबे में लगभग 10-12 लोग दबे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि 20-25 होटल और होमस्टे बह गए होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि सहायता प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सात बचाव दल भेजने का आदेश दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं और कीमती जानें बचाने के लिए हर संभव कदम उठा रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड के मातली में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 12वीं बटालियन से 16 सदस्यीय एक दल धराली पहुंच गया है, जबकि इतनी ही संख्या वाली एक अन्य इकाई को भी बादल फटने वाली जगह पर पहुंचने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वो लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है।

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "धराली (उत्तरकाशी) क्षेत्र में बादल फटने से भारी नुकसान की खबर बेहद दुखद और दर्दनाक है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें राहत और बचाव कार्यों में युद्धस्तर पर लगी हुई हैं।" बाढ़ के बाद आसपास के गांवों में व्यापक दहशत फैल गई।

वीडियो में नदी के किनारे बसी बस्तियों की ओर ढलानों से कीचड़ भरा पानी और गाद बहता हुआ दिखाई दे रहा है। लोगों को डर के मारे चीखते हुए सुना जा सकता है। एक वीडियो में, लोगों को सांस लेने में तकलीफ़ होती है और वे प्रभावित इलाकों में अपने रिश्तेदारों को फ़ोन करके ये जानने की कोशिश कर रहे हैं कि वे ठीक हैं या नहीं। वीडियो में एक आवाज़ सुनाई देती है, "सब कुछ ख़त्म हो गया है।"