राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचीं। जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शहर के लिए रवाना हुईं। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड (PoP) में शामिल होंगी। इस दौरान वह देश के भावी सैन्य अधिकारियों की परेड की सलामी भी लेंगी।
इससे पहले सोमवार को राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह-2026 के पहले चरण में सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस के जवानों को 51 वीरता पुरस्कार प्रदान किए थे। इन पुरस्कारों में 7 कीर्ति चक्र, 15 वीर चक्र और 29 शौर्य चक्र शामिल थे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इनमें 2 कीर्ति चक्र (मरणोपरांत), 3 वीर चक्र (मरणोपरांत) और 1 शौर्य चक्र (मरणोपरांत) भी शामिल हैं। ये सम्मान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले जवानों को प्रदान किए गए।
कीर्ति चक्र प्राप्त करने वालों में रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी से जुड़े लांस नायक मीनाक्षी सुंदरम ए, 2 पैरा स्पेशल फोर्सेज के नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा, 1 असम राइफल्स के मेजर अर्शदीप सिंह, भारतीय वायुसेना के एयर कमोडोर प्रशांत बालकृष्णन नायर और 4 पैरा स्पेशल फोर्सेज के कैप्टन लालरिनावमा सैलो शामिल रहे।
वहीं वीर चक्र से सम्मानित होने वालों में कर्नल कोशांक लांबा, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन रंजीत सिंह सिद्धू, मनीष अरोड़ा, अनिमेष पटनायक, कुणाल कालरा सहित कई सैन्य अधिकारी शामिल हैं। राष्ट्रपति ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को भी मरणोपरांत सम्मानित किया। इनमें महार रेजिमेंट के सिपाही जंजाल प्रवीण प्रभाकर और आर्मी सर्विस कॉर्प्स के लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी को कीर्ति चक्र (मरणोपरांत) प्रदान किया गया। उत्तराखंड दौरे के दौरान राष्ट्रपति की मौजूदगी में आईएमए की पासिंग आउट परेड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी, जहां देश और विदेशों के कैडेट सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर अधिकारी के रूप में सेना में शामिल होंगे।