Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ POCSO केस में FIR, BNS की 5 धाराओं के तहत मामला दर्ज     |   अफ्रीकी द्वीप देश केप वर्डे में सड़क हादसा, 25 लोगों की मौत     |   मणिपुर के चुराचांदपुर में एनकाउंटर, UKNA के 2 उग्रवादी ढेर     |   राम मंदिर चंदा चोरी मामले में 8 आरोपियों की बढ़ी मुश्किलें, 18 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे     |   PM मोदी कल मंत्रियों के साथ करेंगे रिव्यू मीटिंग, मंत्रालयों के कामकाज का लेंगे जायजा     |  

चार मूर्ति चौक पर अंडरपास का कार्य तेज, 60 मीटर रोड पर डायवर्जन

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक पर अंडरपास का निर्माण तेज हो गया है। चौराहे के साथ ही अब प्राधिकरण ने बिसरख से चौक की तरफ मेन कैरिज-वे पर भी काम शुरू करा दिया है। इसीलिए मेन रोड को वाहनों के लिए बंद किया गया है। वाहनों को सर्विस रोड से निकाला जा रहा है। प्राधिकरण ने सर्विस रोड को चौड़ा कर दिया है। वाहन पुलिस चौकी के सामने से लेफ्ट लेकर मेन कैरिज-वे से होकर नोएडा की ओर जा सकते हैं। गौड़ सिटी या फिर एनएच-24 जाने वाले वाहन भी हिंडन पार कर यूटर्न लेकर जा सकते हैं।

दरअसल, प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर ग्रेनो वेस्ट को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए परियोजना विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इटैड़ा गोलचक्कर और एकमूर्ति गोलचक्कर पर यूटर्न बनाकर ट्रैफिक जाम की समस्या को काफी हल कर लिया है। शाहबेरी रोड को चौड़ा करने से भी काफी राहत मिल गई है। प्राधिकरण ग्रेनो वेस्ट के सबसे व्यस्त चौराहा, चार मूर्ति चौक पर भी ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए अंडरपास बनवा रहा है। यह अंडरपास 60 मीटर रोड के पैरलल बन रहा है। चौराहे पर तेजी से काम चल रहा है। 

वहीं, बिसरख से चौराहे की तरफ जाने पर अब मेन रोड पर भी काम शुरू हो गया है, जिसके चलते ट्रैफिक डायवर्जन करना पड़ा है। अंडरपास का काम करने के लिए बिसरख की तरफ से चौराहे की ओर लगभग 150 मीटर की दूरी से मेन कैरिज-वे को बंद किया गया है। इससे पहले सर्विस रोड को चौड़ा करके वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी गई है। यह अंडरपास चौक से दोनों तरफ लगभग 350-350 मीटर लंबा बनेगा। इसे बनाने में करीब 92 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। इस अंडरपास के बनने से चार मूर्ति चौराहे पर ट्रैफिक की समस्या हल हो जाएगी। इसके पूरा होने में लगभग एक साल का समय और लगेगा। वैसे अंडरपास का निर्माण पूरा होने में डेढ़ साल का समय निर्धारित है। 

प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि प्राधिकरण इस चौराहे से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों की परेशानी से भली भांति परिचित है। इसीलिए प्राधिकरण इस अंडरपास का कार्य तेजी से पूरा कराने की कोशिश कर रहा है। वहीं, एसीईओ खुद भी नियमित रूप से इस अंडरपास की निगरानी कर रही हैं। जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह व वर्क सर्किल एक के प्रभारी प्रभात शंकर नियमित रूप से निरीक्षण कर कार्य को तेजी से पूरा कराने के प्रयास में जुटे हैं।