Varanasi: शहर को साफ रखने की अपनी कोशिशों के तहत उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने की घटनाओं की सूचना देने वाले लोगों को इनाम दिया जाएगा।
वाराणसी नगर निगम जल्द ही ‘स्मार्ट काशी ऐप’ के जरिए ये योजना लागू करने जा रहा है। इसके तहत अगर कोई व्यक्ति मोहल्ले या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, थूकने, खुले में शौच करने या अन्य किसी भी तरह की गंदगी फैलाने वाले की फोटो ऐप पर अपलोड करता है, तो नगर निगम उसकी पहचान गोपनीय रखते हुए उसके यूपीआई आईडी पर 500 रुपये का इनाम भेजेगा।
इस योजना का मकसद न सिर्फ शहर को स्वच्छ बनाना है, बल्कि लोगों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना भी पैदा करना है। वाराणसी के लोगों ने नगर निगम की पहल का स्वागत किया है। साथ ही वे मानते हैं कि कुछ लोगों के इधर-उधर कूड़ा फेंकने की वजह से शहर में स्वच्छता बनाए रखने में दिक्कत हो रही है।
जहां वाराणसी के कई लोगों ने नगर निगम के स्वच्छता अभियान का समर्थन किया है, वहीं कुछ का मानना है कि लोग इस पहल का गलत इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
वाराणसी एक स्वच्छ भविष्य की ओर डिजिटल कदम बढ़ा रहा है। ऐसे में कई लोगों का मानना है कि इस पहल की कामयाबी न सिर्फ जन भागीदारी पर बल्कि इस बात पर भी निर्भर है कि नगर निगम इसे किस तरह से लागू करता है और कितनी जिम्मेदारी के साथ इस पर नजर रखता है।