अयोध्या में दसवें दीपोत्सव के अवसर पर रामपथ भक्ति, आस्था और संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक कलाकारों के नृत्य और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें रामायण के सातों कांडों पर आधारित झांकियों के जरिए प्रभु श्रीराम की पूरी गाथा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। झांकियों में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूपों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
शोभायात्रा को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करके शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची। इस बार इसमें कुल 21 भव्य झांकियां शामिल की गईं। इनमें सात झांकियां रामायण के सातों कांडों पर और 14 झांकियां योगी सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित रहीं।
सातों कांडों की झांकियों में दिखी रामायण की पूरी गाथा
झांकियों में बालकांड के तहत प्रभु श्रीराम के जन्म और बाल लीलाओं को दिखाया गया। अयोध्याकांड में वनगमन, अरण्यकांड में वनवास, किष्किंधाकांड में सुग्रीव और हनुमान से मिलन, सुंदरकांड में बजरंगबली का पराक्रम, लंकाकांड में रावण के साथ युद्ध और उत्तरकांड के प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। एक के बाद एक आगे बढ़ती झांकियों ने श्रद्धालुओं को रामायण के विभिन्न प्रसंगों का दर्शन कराया।
महिला कलाकारों के ढोल और लोकनृत्य ने बांधा समां
शोभायात्रा में महिला कलाकारों ने कंधों पर ढोल रखकर शानदार प्रस्तुति दी। नगाड़ों और ताशों की थाप पर कलाकारों के करतब और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। रामपथ पर मौजूद श्रद्धालु कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखकर झूम उठे। पूरे रास्ते जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की भी दिखी झलक
शोभायात्रा में रामायण के प्रसंगों के साथ उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को भी प्रदर्शित किया गया। इसमें जल जीवन मिशन, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान कैशलेस योजना, स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत, उत्तर प्रदेश पुलिस, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की झांकियां शामिल रहीं।
दीपोत्सव अब पूरे विश्व का पर्व बन चुका है: जयवीर सिंह
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव अलौकिक, दिव्य और भव्य आयोजन है। हर साल हम अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हैं और इस बार भी नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। दीपोत्सव अब केवल उत्तर प्रदेश का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे विश्व का पर्व बन चुका है। उन्होंने कहा कि सातों कांडों की झांकियां राम में अयोध्या, सनातन में अयोध्या और विरासत में अयोध्या का दर्शन करा रही हैं।
श्रद्धालुओं ने की कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना
शोभायात्रा देखने पहुंचे उन्नाव के सुशील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में अयोध्या का दिव्य और भव्य स्वरूप देखने को मिल रहा है। जौनपुर से आए राम कुमार ने रामायण की झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। वहीं, बलरामपुर की सुशीला ने कहा कि रामकथा के सजीव मंचन और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उनका मन मोह लिया।
शोभायात्रा के दौरान रामपथ पर मौजूद श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के स्वरूपों के दर्शन कर भावविभोर नजर आए। कहीं लोग हाथ जोड़कर रामनाम का स्मरण कर रहे थे तो कहीं जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज रहा था। दसवें दीपोत्सव की इस भव्य शोभायात्रा ने अयोध्या की धार्मिक विरासत, लोक संस्कृति और विकास की झलक एक साथ पेश की।