Breaking News

नितिन नवीन कल जालंधर में समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे     |   केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र के प्रधानमंत्री से की मुलाकात     |   यूपी में सीट शेयरिंग पर कांग्रेस-सपा की बैठक अब कल नहीं होगी, अगले 2-3 दिन में फैसला     |   चीन में किम जोंग उन से मिल सकते हैं ट्रंप, APEC समिट के दौरान मुलाकात के संकेत     |   होर्मुज में एक और तेल टैंकर पर बारूदी सुरंग से हमला: ईरान     |  

यूपी के 5 लाख घरों में लगेंगे रूफटॉप सोलर, योगी सरकार ने केंद्र को भेजा 3,750 करोड़ का प्रस्ताव

उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने एक नई योजना तैयार की है। इसके तहत प्रदेश के 5 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के घरों की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जाएंगे। इस योजना के जरिए करीब 750 मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है।

यह पहल प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत शुरू की जाएगी। प्रस्तावित परियोजना पर करीब 3,750 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार दोनों की ओर से आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रस्ताव है।

1 और 2 किलोवाट क्षमता के लगेंगे सोलर पैनल

योजना के तहत 5 लाख घरों में से आधे यानी 2.5 लाख घरों पर 1 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र लगाए जाएंगे। वहीं, बाकी 2.5 लाख घरों में 2 किलोवाट क्षमता के संयंत्र स्थापित करने की तैयारी है।

इस काम को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, बिजली वितरण कंपनियों और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण के आपसी तालमेल से पूरा किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि बड़े स्तर पर सोलर पैनल लगाने से ज्यादा से ज्यादा परिवार सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे घरेलू बिजली बिल में कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।

रूफटॉप सोलर लगाने में यूपी देश में पहले नंबर पर

घरों की छतों पर सोलर संयंत्र लगाने के मामले में उत्तर प्रदेश पहले ही देश में शीर्ष स्थान पर है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में अब तक 9,62,866 रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं।

सरकार के मुताबिक यह आंकड़ा प्रदेश में सौर ऊर्जा के बढ़ते इस्तेमाल और इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दिखाता है। नई परियोजना से इस अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है।

31 मार्च 2027 तक उठा सकते हैं सब्सिडी का लाभ

सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 31 मार्च 2027 से पहले पीएम सूर्य घर योजना के आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन करें। पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलाकर अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिल सकती है।

इस योजना के जरिए उपभोक्ता अपने घरों पर सोलर संयंत्र लगवाकर बिजली खर्च कम कर सकते हैं। साथ ही, सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से पर्यावरण को भी लाभ पहुंचेगा।