उत्तर प्रदेश के किसानों के फल और सब्जियां अब विदेशी बाजारों में भी अपनी जगह बना रहे हैं। प्रदेश से आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, मटर, आम और अमरूद जैसे उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। योगी सरकार की ओर से कृषि उत्पादों की गुणवत्ता, भंडारण और खाद्य प्रसंस्करण पर दिए जा रहे जोर का असर निर्यात के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है।
बागवानी उत्पादों की निर्यात सूची में शामिल शीर्ष 15 उत्पादों की कुल कीमत 489.01 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इनमें ताजे फल-सब्जियों के साथ प्रसंस्कृत और संरक्षित खाद्य उत्पाद भी शामिल हैं। निर्यात के मामले में नेपाल सबसे बड़ा बाजार बनकर सामने आया है।
आलू के निर्यात से यूपी को सबसे ज्यादा कमाई
अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा के मुताबिक, प्रदेश में किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने पर काम किया जा रहा है। इसके लिए उत्पादन के साथ-साथ प्रोसेसिंग, गुणवत्ता और निर्यात से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।
निर्यात में आलू की सबसे अहम भूमिका है। ताजे और शीतित आलू की विदेशों में बिक्री से 146.03 करोड़ रुपये मिले हैं। इसमें से 145.12 करोड़ रुपये का आलू अकेले नेपाल भेजा गया। वहीं, आलू से तैयार फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये रहा। इस तरह इन दोनों श्रेणियों से कुल 249.27 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ।
आलू के प्रसंस्कृत उत्पादों की मांग नेपाल के अलावा जापान, मलेशिया, इजराइल और इंडोनेशिया में भी है। जापान को 44.06 करोड़ रुपये, मलेशिया को 17.43 करोड़ रुपये, इजराइल को 11.89 करोड़ रुपये और इंडोनेशिया को 11.44 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए।
अंगूर, अनार और संतरे की भी विदेशों में मांग
उत्तर प्रदेश के फलों की भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी पहुंच बन रही है। ताजे अंगूर का निर्यात 34.89 करोड़ रुपये का रहा, जिसकी पूरी खेप नेपाल भेजी गई। अनार के निर्यात से 24.78 करोड़ रुपये की कमाई हुई, जबकि इसमें नेपाल को 24.75 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए।
इसी तरह संतरे के निर्यात का आंकड़ा 21.19 करोड़ रुपये और नींबू-लाइम का निर्यात 15.71 करोड़ रुपये रहा। इन दोनों उत्पादों के लिए भी नेपाल प्रमुख बाजार बना हुआ है।
अमेरिका और जर्मनी तक पहुंची यूपी की सब्जियां
प्रदेश की सूखी और निर्जलित सब्जियों की मांग यूरोप और अमेरिका में भी बढ़ रही है। इस श्रेणी में कुल 23.51 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया। इसमें जर्मनी को 19.70 करोड़ रुपये, अमेरिका को 3.05 करोड़ रुपये और नेपाल को 76 लाख रुपये के उत्पाद भेजे गए।
हरी मटर और फ्रोजन मटर भी विदेशी बाजारों में अपनी पहचान बना रही हैं। फ्रोजन मटर का निर्यात 12.16 करोड़ रुपये और हरी मटर का निर्यात 11.99 करोड़ रुपये रहा। फ्रोजन मटर सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात पहुंची, जबकि हरी मटर की मांग अमेरिका और जर्मनी में भी रही।
तरबूज, आम और अमरूद का भी हो रहा निर्यात
प्रदेश से तरबूज का निर्यात 20.37 करोड़ रुपये रहा। इसमें नेपाल को 20.35 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए, जबकि इटली भी इसका खरीदार रहा।अन्य सब्जियों और उनके मिश्रण का निर्यात 18.03 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इन उत्पादों की मांग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और संयुक्त अरब अमीरात में रही। वहीं, तैयार और संरक्षित आलू उत्पादों का निर्यात 14.51 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इनके प्रमुख खरीदारों में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूएई और ब्रिटेन शामिल हैं।
ताजे आम की अन्य किस्मों का निर्यात 10.53 करोड़ रुपये और ताजे व सूखे अमरूद का निर्यात 5.18 करोड़ रुपये रहा। आम के लिए नेपाल के अलावा ब्रिटेन, यूएई और कतर प्रमुख बाजार हैं। अमरूद के निर्यात में नेपाल सबसे आगे है।
प्रदेश के कृषि और बागवानी उत्पादों की बढ़ती विदेशी मांग से किसानों के लिए नए बाजार खुल रहे हैं। सरकार का जोर अब इन उत्पादों की पैदावार के साथ उनकी प्रोसेसिंग और निर्यात व्यवस्था को मजबूत करने पर है।