Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

बारिश से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत दें: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हुई बारिश से प्रभावित लोगों को राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश से जिन लोगों को आर्थिक नुकसान हुआ है, जिनके पशुओं की हानि हुई है या जिनके मकान गिर गए हैं, उन्हें नियमानुसार जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन करने और प्रभावित किसानों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर विपरीत परिस्थिति में सरकार किसानों के साथ खड़ी है। फसल बर्बादी का आकलन कर किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए।

बेघर लोगों को राहत केंद्रों तक पहुंचाएं

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण जिन लोगों के मकान गिर गए हैं और वे बेघर हो गए हैं, उन्हें तत्काल राहत केंद्रों और शरणालयों में पहुंचाया जाए। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में रहकर प्रभावित परिवारों से संवाद करें और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री ने खराब मौसम को देखते हुए आम लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभिभावक अकारण बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें। लोग जर्जर मकानों, पेड़ों, टीन शेड और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसी भी खतरे की आशंका होने पर सुरक्षित स्थान पर शरण लें।