Breaking News

पटना: फैजल खान की गिरफ्तारी की आशंका के बीच KGS सेंटर पर छात्रों की भारी भीड़     |   ‘जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग’, स्विट्जरलैंड राजदूत के दौरे पर बोले MEA प्रवक्ता     |   फैजल खान मामला: 'किसी के बहकावे में ना आएं छात्र', पटना पुलिस ने जारी की एडवाइजरी     |   INDIA ब्लॉक की बैठक में शिवसेना (यूबीटी) वर्चुअली हो सकती है शामिल     |   मुजफ्फरपुर ICU अग्निकांड: प्रसाद हॉस्पिटल के डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार, मालिक फरार     |  

मथुरा में पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की, खुद को भी किया खत्म

Uttar Pradesh: मथुरा में मध्य प्रदेश के एक दंपति में हुए विवाद के बाद पति ने कथित तौर पर तमंचे से गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटना हाईवे थाना क्षेत्र में गोवर्धन रोड स्थित सूर्यनगर कॉलोनी में गुरुवार रात को घटी।

मध्य प्रदेश के दतिया जिले के बसई थाना क्षेत्र के कंधारी गांव की पोखन (23) पिछले कुछ दिन से अपनी सहेली रागिनी के घर रह रही थी। उसने पांच साल पहले झांसी के छिबराबारी, भेल निवासी मिथुन (27) से प्रेम विवाह किया था।

पुलिस के मुताबिक शादी के बाद किसी विवाद के चलते दोनों अलग रहने लगे थे। पोखन गोंडा में एक स्पा सेंटर में काम कर रही थी, जबकि मिथुन झांसी में ही काम करता था। आठ दिन पहले पोखन मथुरा आकर सहेली रागिनी के साथ रहने लगी और एक ब्यूटी पार्लर में काम शुरू कर दिया।

एसपी सिटी के अनुसार, मिथुन गुरुवार को ही पत्नी को ढूंढता हुआ मथुरा पहुंचा। पुलिस ने बताया कि घर पर दोनों के बीच बातचीत हो रही थी, तभी कहासुनी शुरू हो गई। दंपति के बीच विवाद का एक मामला न्यायालय में भी लंबित था।

पुलिस अधिकारी के अनुसार आशंका है कि मिथुन इसी मामले को खत्म करने के लिए पोखन पर दबाव बना रहा था, लेकिन वह नहीं मानी। पुलिस के मुताबिक गुस्से में आकर मिथुन ने साथ लाए तमंचे से पोखन को गोली मार दी। पोखन के गिरते ही मिथुन ने अपनी कनपटी पर तमंचा रखकर खुद को भी गोली मार ली। कुछ ही पलों में दोनों की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह और थाना प्रभारी प्रशांत कपिल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी ने बताया कि शुरुआती जांच में दंपति के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।