Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

हरित ऊर्जा को बढ़ावा देगी मारुति सुजुकी, 925 करोड़ रुपये का करेगी निवेश

Maruti Suzuki: कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआई) वित्त वर्ष 2030-31 तक हरित ऊर्जा से जुड़ी पहल में 925 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है, जिसमें दो बायोगैस परियोजनाएं भी शामिल हैं। कंपनी ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।

मारुति सुजुकी इंडिया ने बयान में कहा कि कंपनी अपनी खरखौदा इकाई में 10 टन प्रति दिन (टीपीडी) क्षमता वाला बायोगैस संयंत्र लगाएगी, जिसे वित्त वर्ष 2026-27 में चालू किया जाएगा। बयान के अनुसार, दूसरी पहल के तौर पर कंपनी ने मानेसर स्थित अपनी इकाई में बायोगैस संयंत्र की क्षमता को 0.2 टीपीडी से बढ़ाकर 0.7 टीपीडी कर दिया है।

बयान में कहा गया, ‘‘मारुति सुजुकी इन दोनों परियोजनाओं के लिए 150 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जो अपने परिचालन में नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों को शामिल करने के उसके लंबे समय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

बयान में कहा गया कि कंपनी की बायोगैस पहल सरकार के ‘वेस्ट-टू-वेल्थ’ मिशन के अनुरूप हैं। मारुति सुजुकी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने कहा कि कंपनी लगातार ऐसे प्रयासों पर काम कर रही है जिनका मकसद ईंधन की खपत और तेल आयात पर निर्भरता को कम करना है।