ऑनलाइन ऑर्डर के जरिए घरों तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत प्रदेशभर में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स की जांच की। इस दौरान 218 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अनियमितताएं मिलने पर 154 सुधार नोटिस जारी किए गए और 6 स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित कर सुधार होने तक कारोबार बंद कराया गया।
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, साफ-सफाई, तापमान नियंत्रण, कोल्ड स्टोरेज, लेबलिंग और वैधता अवधि की जांच की गई। विभाग ने जांच के लिए 11 खाद्य नमूने भी लिए। इसके अलावा दो स्टोर्स में फ्रोजन मीट और मीट उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई गई। आगरा में लेबलिंग संबंधी खामियों के चलते मखाने के 273 पैकेट सीज किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 68 हजार रुपये है।
गाजियाबाद में जेप्टो वेयरहाउस पर कार्रवाई

गाजियाबाद में आरडीएल के पास स्थित जेप्टो वेयरहाउस की जांच में गंदगी, दीवारों पर जाले, क्षतिग्रस्त फर्श और कॉकरोच पाए गए। खाद्य पदार्थों के भंडारण स्थल पर स्वच्छता में गंभीर कमियां मिलने के बाद विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।
कानपुर में भंडारण और लेबलिंग की जांच

कानपुर नगर में रिलायंस मार्ट, मेट्रो और जेप्टो स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। यहां नियंत्रित तापमान और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था में कमियां मिलीं। खाद्य पदार्थों के भंडारण और लेबलिंग से जुड़े नियमों में भी अनियमितताएं सामने आईं। कुछ उत्पादों पर ‘बेस्ट बिफोर’ संबंधी मानकों का पालन नहीं किया गया था। विभाग ने नियमों के अनुरूप सुधार करने के निर्देश दिए और संबंधित मामलों में कारोबार बंद कराने की कार्रवाई की।
आगरा में 68 हजार रुपये के मखाने के पैकेट सीज
आगरा में रिलायंस स्टोर की जांच के दौरान ‘राय लाइज’ ब्रांड के मखाने के 273 पैकेटों पर लेबलिंग संबंधी खामियां मिलीं। विभाग ने सभी पैकेट सीज कर दिए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 68 हजार रुपये बताई गई है। संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार के लिए नोटिस भी जारी किया गया।
लखनऊ में गंदगी और दवाओं के साथ रखे मिले खाद्य पदार्थ

लखनऊ के चिनहट स्थित जेप्टो स्टोर में गंदगी, कीट, जंग और फफूंद लगे रैक पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि खाद्य पदार्थों को दवाओं और न्यूट्रास्यूटिकल्स के साथ रखा जा रहा था। विभाग ने स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर सुधार होने तक कारोबार बंद करा दिया।
वहीं, चिरैयाबाग स्थित जेप्टो और हुसैनाबाद स्थित ब्लिंकिट स्टोर में लाइसेंस पर आवश्यक अनुमोदन के बिना मीट और मीट उत्पादों की बिक्री का मामला सामने आया। विभाग ने दोनों स्टोर्स में ऐसी बिक्री तत्काल बंद करा दी।
नोएडा में गंदे कोल्ड रूम में रखे खाद्य पदार्थों पर रोक
गौतमबुद्धनगर के वाजिदपुर, सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर में जंग और फफूंद लगे रैक, गंदे व क्षतिग्रस्त कोल्ड रूम और फर्श पर बिखरे खाद्य पदार्थ पाए गए। विभाग ने जरूरी सुधार होने तक संबंधित कोल्ड रूम में खाद्य कारोबार बंद करा दिया और वहां रखे खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा दी।
ऑनलाइन खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करना होगा
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान का उद्देश्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और डार्क स्टोर्स से उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों की बिक्री ऑनलाइन हो या ऑफलाइन, कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण, कीट नियंत्रण, सही लेबलिंग और वैधता अवधि से जुड़े नियमों का पालन करना होगा। नियमों में गंभीर कमियां मिलने पर लाइसेंस निलंबित करने, कारोबार बंद कराने, बिक्री पर रोक लगाने और खाद्य उत्पादों को सीज करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।