मेरठ के थाना टीपी क्षेत्र में बुधवार की शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त होते-होते टल गया जब तेल डिपो के निकट खड़े एक ऑयल टैंकर में अचानक आग लग गई और आग फैलती चली गई आग ने वहां खड़े चार ऑयल टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही की सभी टैंकर खाली थे। घटना की सूचना मिलते ही फौरन दमकल और पुलिस विभाग हरकत में आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत बिजली के टूटे तारों से हुई चिंगारी के चलते मानी जा रही है,
आपको बता दे आग देर शाम लगी, जब कंट्रोल रूम को पुट्ठा क्षेत्र में खड़े ऑयल टैंकरों में आग लगने की खबर मिली। मौके की गंभीरता को देखते हुए तुरंत परतापुर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियाँ रवाना की गईं। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस लाइन फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल मिलाकर मौके पर सात से अधिक दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए प्रयास किए।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग उस पार्किंग क्षेत्र में लगी जहाँ कई ऑयल टैंकर खड़े थे। प्रारंभिक जांच में यह कारण सामने आया है कि बिजली के तारों के टूटकर गिरने से स्पार्किंग हुई, जिससे खड़े टैंकरों में आग लगी। एक टैंकर से शुरू हुई आग ने जल्द ही पास खड़े अन्य टैंकरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। संकरी पार्किंग और पास-पास खड़े टैंकर्स ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
हालांकि आग काफी विकराल थी, पर राहत की बात यह रही कि समय रहते दमकल विभाग की तत्परता से इसे नियंत्रित कर लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने घटनास्थल की निगरानी की और आग बुझाने के कार्यों का निर्देशन किया।
पुलिस और दमकल विभाग का कहना है कि आग के सटीक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी, पर प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग को जिम्मेदार माना जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।