Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

UP: बलरामपुर में कार-ट्रक की टक्कर में एक परिवार के पांच लोगों की मौत, आठ घायल

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बलरामपुर-तुलसीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार और तेज रफ्तार ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिवार बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि में देहात थाना क्षेत्र के चकवा गांव के पास एक शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहा था, तभी उनकी कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। 

अधिकारियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। 

घटना की सूचना मिलने पर डीएम पवन अग्रवाल और एसपी विकास कुमार ने अस्पताल का दौरा किया और अधिकारियों को घायलों का अच्छे से अच्छा उपचार करने के निर्देश दिए। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर जिले में हुए इस सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यह जानकारी दी।