Breaking News

पंजाब: दो मौजूदा और एक पूर्व विधायक आज बीजेपी में होंगे शामिल     |   UP के कुशीनगर में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत     |   'मेरे खिलाफ ED के इस्तेमाल का दबाव', प्रियंक खड़गे का केंद्र पर आरोप     |   MP: देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचला     |   लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर लूटते थे, नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोचा, 2 को लगी गोली     |  

फेम इंडिया-एशिया पोस्ट सर्वे 2026 में सीएम योगी बने देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट के संयुक्त 'बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026' में योगी आदित्यनाथ देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने गए हैं। उन्होंने 1000 में से 897 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इस सर्वे में देश के 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया था।

सर्वे में मुख्यमंत्रियों के नेतृत्व, प्रशासनिक क्षमता, कार्यशैली, जनस्वीकार्यता और शासन के विभिन्न पहलुओं का आकलन किया गया। इसमें शीर्ष 10 मुख्यमंत्रियों को 'बेस्ट चीफ मिनिस्टर' श्रेणी में रखा गया, जबकि 11वें से 15वें स्थान तक के मुख्यमंत्रियों को विशेष 'मुख्यमंत्री पंचरत्न' श्रेणी में शामिल किया गया।

तीन से चार महीने तक चली सर्वे प्रक्रिया

फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से यह सर्वे करीब तीन से चार महीने तक किया गया। इसमें तीन स्तरों पर जानकारी जुटाई गई। पहले चरण में सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्रियों को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाओं, चर्चाओं और जनधारणाओं का अध्ययन किया गया।

दूसरे चरण में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, बुद्धिजीवियों और विशिष्ट व्यक्तियों की राय ली गई। तीसरे चरण में आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव और विचार जाने गए। इन तीनों चरणों से मिली जानकारी का विश्लेषण करने के बाद 1000 अंकों के पैमाने पर अंतिम रैंकिंग तैयार की गई।

10 मानकों पर परखा गया मुख्यमंत्रियों का प्रदर्शन

सर्वे में मुख्यमंत्रियों के कामकाज और नेतृत्व क्षमता का मूल्यांकन करने के लिए 10 प्रमुख मानक तय किए गए थे। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता तथा कार्यशैली और परिणाम शामिल थे।

सुशासन के तहत पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की गुणवत्ता को परखा गया। वहीं, कानून-व्यवस्था में नागरिकों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को महत्व दिया गया। इसके अलावा नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता, प्रशासनिक दक्षता, नीतियों का प्रभाव और विकास कार्यों के परिणाम भी मूल्यांकन का आधार बने।

धामी दूसरे और हिमंत बिस्वा सरमा तीसरे स्थान पर

सर्वे की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 881 अंक हासिल कर दूसरा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 874 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।