Breaking News

TMC के 20 बागी सांसदों को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, अयोग्यता मामले में देरी पर मांगा जवाब     |   तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 2 हफ्ते में करना होगा सरेंडर     |   प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों पर दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने बुलाई बैठक     |   दिल्ली में अब तक H1N1 के कुल 2308 मामले सामने आए     |   J-K: पुलवामा में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन, दो संदिग्ध गिरफ्तार     |  

नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं के बीच पहुंचे CM योगी, साथ में ली सेल्फी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं के साथ सेल्फी ली। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम खत्म होने के बाद युवाओं के अनुरोध पर सीएम योगी उनके बीच पहुंचे और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से बातचीत भी की। इससे पहले उन्होंने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार अगले छह महीने में प्रदेश के 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र देगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को हर सप्ताह अलग-अलग चरणों में नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 9.30 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने दावा किया कि अब तक किसी भी नियुक्ति पर सवाल नहीं उठा है।

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और राजनीतिक हस्तक्षेप का असर था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने शुरू से ही ऐसी व्यवस्था को खत्म करने का काम किया है। सीएम योगी ने कहा कि योग्य युवाओं का बिना भेदभाव और योग्यता के आधार पर चयन होना चाहिए। इससे पूरे प्रदेश को फायदा मिलता है।

उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और नकल समेत अन्य गलत गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने ऐसे मामलों में शामिल लोगों के सरगनाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही। सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में चीनी की कमी के दावों को भी खारिज किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 28 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद है, जबकि हर महीने करीब 4 लाख टन चीनी की खपत होती है। उन्होंने कहा कि चीनी मिलें 15 अक्टूबर से फिर शुरू होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान, जर्मनी और इजरायल जैसे देश उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 5,000 युवाओं को इजरायल भेजा गया है। वहां उन्हें करीब 1.5 लाख रुपये प्रति माह वेतन के साथ मुफ्त भोजन और रहने की सुविधा मिल रही है। सीएम योगी ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय युवाओं को बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। किसानों और व्यापारियों को भी कई तरह की परेशानियां थीं। कार्यक्रम के अंत में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं ने मुख्यमंत्री से उनके साथ सेल्फी लेने का अनुरोध किया, जिसके बाद योगी आदित्यनाथ खुद युवाओं के बीच पहुंचे और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।