Breaking News

TMC के 20 बागी सांसदों को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, अयोग्यता मामले में देरी पर मांगा जवाब     |   तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 2 हफ्ते में करना होगा सरेंडर     |   प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों पर दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने बुलाई बैठक     |   दिल्ली में अब तक H1N1 के कुल 2308 मामले सामने आए     |   J-K: पुलवामा में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन, दो संदिग्ध गिरफ्तार     |  

CM योगी का बड़ा ऐलान, अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को मिलेंगे सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अगले छह महीने में प्रदेश के 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र देगी। उन्होंने कहा कि हर सप्ताह अलग-अलग चरणों में युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.30 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने दावा किया कि इनमें से किसी भी नियुक्ति पर सवाल नहीं उठा है।

सीएम योगी ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय भर्ती के विज्ञापन जारी होने के बाद युवाओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। कई मामलों में नतीजे भी जारी नहीं होते थे और बाद में अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर दिया है। योग्य उम्मीदवारों का बिना भेदभाव चयन होने से पूरे प्रदेश को इसका फायदा मिलता है।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नकल माफिया और अलग-अलग संस्थानों में सक्रिय माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनके सरगनाओं को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। चीनी की कमी की चर्चा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हर महीने करीब 4 लाख टन चीनी की खपत होती है, जबकि फिलहाल 28 लाख टन चीनी का स्टॉक मौजूद है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के पास करीब सात महीने की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त चीनी है। 15 अक्टूबर से चीनी मिलें दोबारा शुरू होंगी और इससे करीब 90 लाख टन अतिरिक्त चीनी का उत्पादन होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब दूसरे देश भी उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जापान के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने यूपी के युवाओं को जापान में नौकरी देने की इच्छा जताई है। इसके अलावा जर्मनी और इजरायल भी यूपी के युवाओं को रोजगार देने में रुचि दिखा रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि करीब 5,000 युवाओं को इजरायल भेजा गया है, जहां वे हर महीने करीब 1.5 लाख रुपये कमा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वहां उन्हें भोजन और रहने की सुविधा भी मुफ्त मिल रही है। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को 'बीमारू' राज्य कहा जाता था। उन्होंने दावा किया कि उस समय रोजगार की कमी के कारण युवा पलायन कर रहे थे, किसान परेशान थे और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी संकट था। उन्होंने कहा कि उस दौर में माफिया के कारण व्यापारी भी परेशान थे और किसान अपने खेतों में मोटर पंप तक सुरक्षित नहीं छोड़ पाते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में स्थिति बदलने का काम किया है।