उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी नेताओं ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। यूपी बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि जिन्होंने अपने शासनकाल में सिर्फ कामचोरी की, वे आज वोट चोरी का ज्ञान दे रहे हैं।
वहीं, बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सपा का सूपड़ा साफ कर देगी। बीजेपी प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने भी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी सरकार में गुंडे, माफिया और अपराधी मंत्री पद तक पहुंचते थे, वे आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं।
वोट चोरी के नाम पर जनता को गुमराह कर रहा विपक्ष: नीरज सिंह
नीरज सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव और कांग्रेस वोट चोरी का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता सपा के कथित षड्यंत्रों का जवाब देगी।
सपा शासन में डर के साये में रहती थीं बहन-बेटियां: दिनेश सिंह
बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि योगी सरकार में युवाओं को बिना पर्ची और खर्ची के नौकरियां मिल रही हैं। प्रदेश में अब तक 9.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में बहन-बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं और प्रदेश में गुंडाराज का माहौल था। उस समय सरकार माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देती थी।
उन्होंने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों दल एकजुटता की बात तो करते हैं, लेकिन यह तय नहीं कर पा रहे कि कौन बड़ा भाई है और कौन छोटा। दोनों के बीच चल रही खींचतान से साफ है कि उन्हें 2027 के चुनाव में अपनी हार दिखाई देने लगी है।
अपनी नाकामी को वोट चोरी बता रहा विपक्ष: अंकुश त्रिपाठी
बीजेपी प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अपनी हार को वोट चोरी बताकर जनता के जनादेश का अपमान कर रही हैं। जनता बार-बार दोनों दलों को नकार चुकी है, लेकिन विपक्ष अपनी नाकामी स्वीकार नहीं कर पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के शासनकाल में प्रदेश में दंगे होते थे, अपराधियों का बोलबाला था और सपाई जमीनों पर कब्जा करते थे। उन्होंने कहा कि आज माफियाओं का वजूद खत्म हो चुका है। सपा-कांग्रेस गठबंधन को ठगबंधन बताते हुए उन्होंने कहा कि जो दल आपस में ही एकजुट नहीं हैं, वे जनता के सामने एकता की बात कैसे कर सकते हैं।