मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के अभियान को गति देने के लिए 16 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस कैंपस प्लेसमेंट में दो कंपनियां कुल 800 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले में ऑटोमोबाइल क्षेत्र की कंपनी हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड हिस्सा लेंगी। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और बीएससी उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
हीरो मोटोकॉर्प की ओर से अप्रेंटिसशिप योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) के तहत कुल 300 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें 150 पद पुरुष और 150 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं।
आईटीआई अप्रेंटिस के 150 पदों पर फिटर, टर्नर, एमएमवी, मशीनिस्ट, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को ₹17,060 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप पूरी होने के बाद एक वर्ष तक टीटीएस के तहत ₹18,060 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
वहीं, पीएमआईएस-स्टूडेंट ट्रेनी के 150 पदों पर 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण गैर-आईटीआई अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को कुल ₹23,321 प्रतिमाह का लाभ मिलेगा। इसमें ₹15,221 कंपनी की ओर से और ₹8,100 केंद्र सरकार की ओर से सीधे बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से दिए जाएंगे।
नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 500 पुरुष अभ्यर्थियों का कंपनी रोल पर चयन करेगी। इसके लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी पात्र होंगे। गुजरात के द्वारका स्थित सोलर प्रोजेक्ट और तमिलनाडु-कर्नाटक के विंड पावर प्लांट के लिए भर्ती की जाएगी। आईटीआई तकनीकी योग्यता और बीएससी डिग्री वाले अभ्यर्थियों को टेक्नीशियन या हेल्पर पद पर ₹17,000 मासिक सीटीसी दिया जाएगा। वहीं, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स में डिप्लोमा धारकों को ट्रेनी या टेक्नीशियन पद पर ₹18,000 मासिक सीटीसी पर नियुक्त किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को पीएफ, ईएसआईसी समेत अन्य लागू सुविधाएं भी मिलेंगी।
हीरो मोटोकॉर्प में चयनित अभ्यर्थियों को हरियाणा के रेवाड़ी स्थित प्लांट में काम करने का अवसर मिलेगा। कंपनी की ओर से तीन दिन के होटल में ठहरने, यूनिफॉर्म, सुरक्षा जूते, कैंटीन सुविधा, एक लाख रुपये का मेडिक्लेम, सवेतन अवकाश और अनुभव प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। चयन प्रक्रिया में निर्धारित शारीरिक मानकों का पालन करना होगा। ड्राइविंग लाइसेंस रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता भी दी जाएगी।
प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खां के अनुसार, इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे राजकीय आईटीआई, अलीगंज, लखनऊ परिसर में पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं, 12वीं, आईटीआई या डिप्लोमा की अंकतालिका और प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और चार पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। हीरो मोटोकॉर्प से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9118561562 जारी किया गया है। यह रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को उनकी शैक्षिक और तकनीकी योग्यता के अनुसार उद्योगों से जुड़ने का अवसर देगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचकर चयन प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं।