Breaking News

अमेरिकी झटके के बावजूद ग्रीन में खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल     |   दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रोटेस्ट ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता, कहा- नई गाइडलाइंस जारी करे सरकार     |   ओडिशा: एंबुलेंस में लगी आग, एक मरीज की मौत, दो गंभीर रूप से जख्मी     |   IIT बॉम्बे कैंपस में गैस लीकेज से भड़की आग, 2 बच्चों समेत 5 घायल     |   आज आएंगे पांच विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के नतीजे     |  

मैनपुरी में 37.86 किमी सड़क होगी फोरलेन, योगी सरकार ने 328.67 करोड़ रुपये को दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मैनपुरी जिले में सड़क यातायात को बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में शिकोहाबाद-भोगांव राज्य मार्ग संख्या-84 के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की पुनरीक्षित योजना को मंजूरी दी गई। इस परियोजना पर 328.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

परियोजना के तहत घिरोर से भोगांव तक 31.30 किलोमीटर लंबी सड़क को चार लेन में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही 6.56 किलोमीटर लंबे घिरोर बाईपास का निर्माण भी होगा। इस तरह कुल 37.86 किलोमीटर सड़क का विकास किया जाएगा। शिकोहाबाद-भोगांव मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (दिल्ली-कोलकाता मार्ग) पर शिकोहाबाद की आबादी से शुरू होकर मैनपुरी में राज्य मार्ग संख्या-83 को पार करते हुए भोगांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-91 (दिल्ली-कानपुर मार्ग) से जुड़ती है।

आगरा से लखनऊ, कानपुर और कन्नौज की ओर जाने वाले भारी वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। अधिक यातायात के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। सड़क को चार लेन में विकसित करने और घिरोर बाईपास बनाने से यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इससे लोगों का सफर अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से आसपास के किसानों को अपनी कृषि उपज मंडी तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्रीय लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में भी सहूलियत होगी। सड़क की क्षमता बढ़ने से वाहनों की आवाजाही बेहतर होगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।