मुंबई के वर्ली स्थित एनएससीआई डोम में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। कॉन्सर्ट में शामिल 28 वर्षीय एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे एंबुलेंस से ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मुंबई पुलिस के अनुसार, इस मामले में ताड़देव पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक कॉन्सर्ट में शामिल होने आया था और कार्यक्रम के दौरान उसे मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा।
इसी कार्यक्रम के दौरान 31 वर्षीय एक महिला की तबीयत भी खराब हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, महिला को आवश्यक चिकित्सा सहायता दी गई और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने कार्यक्रम के दौरान शराब और एनर्जी ड्रिंक का सेवन किया था।
पुलिस ने कहा है कि अब तक किसी भी तरह के नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं हुई है। युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस कॉन्सर्ट स्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसी वर्ष अप्रैल में मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर में आयोजित एक म्यूजिक इवेंट के दौरान कथित ड्रग ओवरडोज के कारण दो लोगों की मौत हो गई थी। उस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें आयोजन से जुड़ा एक व्यक्ति भी शामिल था। फिलहाल वर्ली कॉन्सर्ट मामले में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।