योगी सरकार उत्तर प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को डॉक्टर और इंजीनियर बनने की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग का अवसर दे रही है। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 12 के विज्ञान वर्ग में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दक्षणा फाउंडेशन के माध्यम से जेईई और नीट की एक साल की निःशुल्क कोचिंग मिलेगी। इसके लिए विद्यार्थियों की कक्षा 10 के अंकों और पारिवारिक आय के आधार पर पात्रता तय की गई है। चयनित विद्यार्थियों को पुणे के पास स्थित दक्षणा वैली परिसर में कोचिंग के साथ रहने और खाने की सुविधा भी मुफ्त मिलेगी।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 के विज्ञान वर्ग में पढ़ रहे और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (JDST-2027) के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
जेईई के लिए छात्राओं को पांच प्रतिशत की छूट
इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए सामान्य श्रेणी के छात्रों के कक्षा 10 में गणित और विज्ञान विषयों में कम से कम 85 प्रतिशत अंक होने चाहिए। वहीं, छात्राओं के लिए यह सीमा 80 प्रतिशत रखी गई है। यानी छात्राओं को पात्रता में पांच प्रतिशत अंकों की छूट मिलेगी। अन्य श्रेणियों और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग मानक निर्धारित हैं।
नीट के लिए श्रेणी के अनुसार अंक जरूरी
मेडिकल की तैयारी के लिए कक्षा 10 के अंकों की सीमा श्रेणी के अनुसार तय की गई है। सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए कम से कम 80 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के विद्यार्थियों के लिए यह सीमा 75 प्रतिशत, जबकि अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के विद्यार्थियों के लिए 65 प्रतिशत है।
परिवार की आय भी बनेगी पात्रता का आधार
इस योजना का लाभ लेने के लिए पारिवारिक आय की शर्त भी पूरी करनी होगी। छात्रों के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम और छात्राओं के परिवार की वार्षिक आय पांच लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
चयनित विद्यार्थियों को एक साल तक कोचिंग, आवास और भोजन की सुविधा बिना किसी शुल्क के मिलेगी। इसके लिए सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पात्र विद्यार्थियों को योजना के बारे में जानकारी देने और आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इच्छुक विद्यार्थी दक्षणा फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट https://apply.scholarship.dakshana.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देने में मदद करेगी।