Breaking News

लखनऊ: मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी को पति ने दिया तीन तलाक, पुलिस ने दर्ज किया मामला     |   SIR पर ममता बनर्जी की याचिका पर कल सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट     |   उत्तराखंड सरकार ने अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के गठन की अधिसूचना जारी की     |   UP पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित, 8-9 और 10 जून को दो पालियों में होगी परीक्षा     |   मणिपुर के नए मुख्यमंत्री होंगे युमनाम खेमचंद सिंह     |  

विश्व कैंसर दिवस से पूर्व यूपी पर्यटन की विशेष पहल, 30 कैंसर मरीजों ने किया 'लखनऊ दर्शन'

लखनऊ: विश्व कैंसर दिवस से पूर्व मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने लखनऊ में एक भावनात्मक और प्रेरणादायी पहल की। उपचार के कठिन दौर से गुजर रहे एक अस्पताल के 30 कैंसर मरीजों को शहर की विरासत और खूबसूरती से रूबरू कराने के लिए 'लखनऊ दर्शन' डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से विशेष शहर भ्रमण कराया गया। यह विशेष टूर 03 फरवरी की दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित किया गया, जो लखनऊ दर्शन की नियमित सुबह-शाम सेवाओं से अलग था। 

विभिन्न आयु वर्ग के मरीजों, डॉक्टरों और सहयोगी मेडिकल स्टाफ की मौजूदगी में आयोजित इस विशेष टूर का उद्देश्य इलाज के दबाव से कुछ पल की राहत देकर मरीजों को शहर की खूबसूरती और जीवन के सकारात्मक रंगों से दोबारा जोड़ना था। पूरी यात्रा को सुविधाजनक बनाए रखने का प्रयास किया गया। भ्रमण के दौरान हर यात्री के चेहरे पर सुकून और उम्मीद की झलक दिखाई दी।

पर्यटन से जुड़ी संवेदना की मिसाल- जयवीर सिंह
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'लखनऊ दर्शन' बस के माध्यम से किया गया यह विशेष आयोजन महज एक पर्यटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि संवेदना और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा प्रयास है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से अस्पतालों में उपचाररत कैंसर मरीजों को खुले वातावरण में लाकर शहर की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना, उनका मनोबल बढ़ाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना इस पहल का मूल उद्देश्य रहा। यह आयोजन संदेश देता है कि पर्यटन केवल भ्रमण तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का भी एक सशक्त माध्यम है। उत्तर प्रदेश पर्यटन आगे भी ऐसी पहलों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए पर्यटन को अधिक संवेदनशील और समावेशी बनाने के लिए प्रयासरत रहेगा।'

मरीजों ने बताए अनुभव
वहीं, कई मरीजों के लिए यह भ्रमण अस्पताल की दिनचर्या से बाहर निकलकर सामान्य जीवन को महसूस करने का अवसर बना। शहर की दौड़ती-भागती जिंदगी को नए नजरिए से देखने और एक साथ समय बिताने से मरीजों में सुकून और आत्मीयता का भाव देखने को मिला। अपने अनुभव साझा करते हुए मरीज रजनी वर्मा ने कहा कि अस्पताल के कमरे से बाहर निकलना उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने बताया कि विधानसभा को अंदर से देखना उनके लिए यादगार अनुभव बना। वहीं, मरीज अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि बीमारी के कारण यात्रा संभव नहीं हो पा रही थी, लेकिन इस टूर ने उन्हें फिर से खुशी और सकारात्मकता का एहसास कराया।

मरीजों के साथ मौजूद डॉ अभिषेक ने बताया कि यात्रा के दौरान मरीज उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। ऐसे सकारात्मक अनुभव मरीजों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। मरीजों की सेहत को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों की सलाह के अनुसार बस में हल्का एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया। सभी यात्रियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया।