Breaking News

पश्चिम बंगाल के फालता में टीएमसी नेता जहांगीर खान को पुलिस ने हाफ पैंट में घुमाया     |   ईरान ने अमेरिकी हमले की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया     |   स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अगली सूचना तक बंद रहेगा: पर्शियन गल्फ वॉटरवे मैनेजमेंट अथॉरिटी     |   '2047 तक विकसित भारत का संकल्प‘, NDA की बैठक में बोले गृह मंत्री अमित शाह     |   ‘पीएम मोदी ने देशहित को हमेशा ऊपर रखा’, NDA की मीटिंग में अमित शाह ने कहा     |  

उत्तराखंड में मानसून की तैयारियों पर 2 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित, दिए गए अहम निर्देश

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गुरुवार से मानसून तैयारियों को लेकर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन शुरू हुआ। यह कार्यशाला राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (NIDM), गृह मंत्रालय और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) के संयुक्त तत्वावधान में USDMA भवन में आयोजित की जा रही है। इसमें केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

कार्यशाला के उद्घाटन के बाद उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सभी विभागों और जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में मानसून से पहले की जाने वाली तैयारियों और आपदा जोखिम को कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सुमन ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या रोकने के लिए नालों की सफाई और नदियों में बढ़े जलस्तर वाले क्षेत्रों में ड्रेजिंग के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, ऊंचाई वाले और दूरदराज के इलाकों में जहां बारिश के दौरान सड़कें बंद होने की आशंका रहती है, वहां पहले से ही राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयां और पशु चारे का पर्याप्त भंडारण करने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए हेली-इवैक्यूएशन (हेलीकॉप्टर के जरिए निकासी) की व्यवस्था, बचाव उपकरणों के रखरखाव और उनके संचालन के नियमित अभ्यास पर भी जोर दिया गया है। साथ ही सभी विभागों से समय-समय पर मुख्यमंत्री और आपदा प्रबंधन मंत्री द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।

इस बीच गुरुवार को देहरादून में भारी बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। शहर के गढ़ी कैंट क्षेत्र सहित कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड में बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक हो सकती है। पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश के दौर पड़ने की भी संभावना है। आईएमडी ने यह भी कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में 13 जून तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रह सकता है।