Breaking News

मुंबई क्राइम ब्रांच ने 2 ड्रग्स सप्लायर को अरेस्ट किया, करोड़ों का नशीला पदार्थ जब्त     |   ईरान युद्ध के बीच भारत रूसी तेल का आयात दोगुना करके 40 फीसदी तक कर सकता     |   UP: ‘एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी भाजपाई ही कर रहे’, बोले अखिलेश यादव     |   सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार, एक या दो दिन में अस्पताल से मिलेगी छुट्टी     |   तमिलनाडु चुनाव: NDA की सहयोगी पार्टी तमिल मनीला कांग्रेस 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी     |  

मोना सिंह की ‘Maa Ka Sum’ का ट्रेलर रिलीज

मोना सिंह और मिहिर आहूजा स्टारर ‘मां का सम’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। सीरीज की इस नई झलक में 19 साल के मैथ्स प्रोडिजी अगस्त्य (मिहिर आहूजा) को दिखाया गया है, जो कहता है, “मैथ्स हो या प्यार... एक ही इक्वेशन है।” वह अपनी सिंगल मदर विनीता (मोना सिंह) के लिए परफेक्ट पार्टनर ढूंढने के मिशन ‘प्रोजेक्ट मॉम’ की शुरुआत करता है। इसके बाद कहानी एक मजेदार और तेज रफ्तार सफर में बदल जाती है, जहां लॉजिक और इमोशन आमने-सामने आते हैं और सारी प्लान की गई इक्वेशन गड़बड़ाने लगती हैं।

कहानी में नई मैथ्स प्रोफेसर इरा (अंगीरा धर) की एंट्री होती है, जो अगस्त्य के मिशन को और दिलचस्प बना देती है। दोनों मिलकर परफेक्ट मैच ढूंढने के लिए एक एल्गोरिदम तैयार करने की कोशिश करते हैं। लेकिन जैसे-जैसे भावनाएं हावी होने लगती हैं, अगस्त्य की बनाई फॉर्मूला ऐसी उलझनों में फंस जाती है, जिन्हें कोई भी इक्वेशन हल नहीं कर सकती।

सीरीज में अगस्त्य की मां विनीता का किरदार निभा रहीं मोना सिंह ने कहा, “विनीता का किरदार मेरे अब तक के निभाए किरदारों से काफी अलग है, क्योंकि इस कहानी का नजरिया बेहद नया और ताजगी भरा है। यह एक सिंगल मदर और बेटे के रिश्ते की कहानी है, जो दोस्ती, भरोसे और प्यार को एक अलग नजरिए से दिखाती है। मुझे यह बहुत पसंद है कि विनीता खुद को कमजोर होने देती है, दोबारा प्यार पर भरोसा करती है और अपने बेटे के अनोखे नजरिए को स्वीकार करती है।”

उन्होंने आगे कहा, “यह सीरीज ह्यूमर और इमोशन का खूबसूरत संतुलन पेश करती है और एक ऐसी कहानी बताती है जो दिल को छूने वाली, सच्ची और जुड़ाव महसूस कराने वाली है। मुझे लगता है कि बहुत से लोग इसमें अपने रिश्तों की झलक देखेंगे। मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि लोग 3 अप्रैल से प्राइम वीडियो पर ‘मां का सम’ देखें।”

मिहिर आहूजा ने कहा, “अगस्त्य का किरदार मुझे इसलिए खास लगता है क्योंकि उसकी सारी समझदारी और आत्मविश्वास के पीछे वह एक ऐसा बेटा है, जो अपनी मां से बेहद प्यार करता है और उसे खुश देखना चाहता है। उनके बीच एक खास दोस्ती है, जिसमें ईमानदारी, सुकून और अपनापन है। अपने अनोखे तरीके से वह अपनी मां का ख्याल रखता है और उसे प्यार दिलाने के लिए पूरी कोशिश करता है, यह मानते हुए कि मैथ्स दिल के मामलों को भी सुलझा सकता है।” ‘मां का सम’ 3 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।