Breaking News

तरनतारन: सरपंच की हत्या के मामले में DSP और SHO सस्पेंड     |   US के साथ तनाव के बीच तेहरान के पास ब्लास्ट     |   बिहार: कांग्रेस ने पूर्व विधायक समेत दो नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला     |   लखनऊ: RSS प्रमुख मोहन भागवत से मिलने पहुंचे सीएम योगी     |   बिहार के सहरसा में अज्ञात हमलावरों ने 7वीं कक्षा के छात्र को मारी गोली     |  

AI समिट पर राहुल की टिप्पणी को लेकर BJP का पलटवार, देश की छवि धूमिल करने का लगाया आरोप

New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘एआई समिट’ पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर बुधवार को उन पर तंज कसते हुए कहा कि जिस किसी के पास पर्याप्त समझ नहीं है, उसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे विषयों पर सोशल मीडिया पर ‘‘पहले से तैयार’’ बयान पोस्ट नहीं करना चाहिए।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी भारत को विश्व मंच पर अग्रणी भूमिका निभाते और उसके प्रयासों की सराहना होते देखते हैं, तो हमेशा देश की छवि धूमिल करने की कोशिश करते हैं।

इससे पहले, राहुल ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ 2026 में, चीन में निर्मित ‘रोबोटिक कुत्ते’ को एक निजी विश्वविद्यालय द्वारा प्रदर्शित किए जाने का हवाला देते हुए आरोप लगाया था कि सरकार द्वारा आयोजित यह बड़ा कार्यक्रम सिर्फ पीआर (प्रचार) का तमाशा बन गया है।

बीजेपी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में, राहुल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाटिया ने कहा, ‘‘जब कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बात आती है, तो जिसके पास समझ नहीं है, उसे ‘पहले से तैयार ट्वीट’ पोस्ट नहीं करना चाहिए।’’

गौरव भाटिया ने कहा, ‘‘यह दुखद है। राहुल गांधी का एक ही लक्ष्य है। जब भी भारत विश्व मंच पर अग्रणी भूमिका निभा रहा होता है और उसके प्रयासों की सराहना हो रही होती है, तो वह (गांधी) देश की छवि धूमिल करना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है कि विश्व भर के नेता यहां आए हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत द्वारा निभाई जा रही ‘‘सकारात्मक भूमिका’’ और ‘‘योगदान’’ की सराहना की है। गौरव भाटिया ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस मुख्यालय में भारत की छवि धूमिल करने की साजिशें रची जा रही हैं।’’