Breaking News

देवास TI दिलीप पुरी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर का हुआ शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली     |   राहुल गांधी आज संगरूर से पंजाब में चुनावी कैंपेन का करेंगे आगाज     |   गुरुग्राम में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक, बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन का आदेश     |   नितिन नवीन आज गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च की अगुवाई करेंगे     |   रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, श्रीगंगानगर में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम     |  

दिव्यांगों के हुनर को बाजार और पहचान दिलाएगी योगी सरकार, लखनऊ में 5-6 नवंबर को लगेगा ‘दिव्य दीपावली मेला’

योगी सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को बाजार उपलब्ध कराने के लिए विशेष पहल कर रही है। इसी कड़ी में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से 5 और 6 नवंबर को लखनऊ में ‘दिव्य दीपावली मेला-2026’ आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय मेले में दिव्यांग उद्यमियों और कारीगरों के हाथों से तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री होगी।

मेले का आयोजन जवाहर भवन-इंदिरा भवन परिसर में सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। इसमें हस्तशिल्प, सजावटी सामान, दीपावली से जुड़े उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य हस्तनिर्मित सामग्री बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।

दिव्यांग उद्यमियों को मिलेगा अपने उत्पाद बेचने का मौका

मेले के जरिए दिव्यांग कारीगरों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और उनकी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें बाजार से जुड़ने, स्वरोजगार बढ़ाने और अपनी आमदनी में इजाफा करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

उत्पाद खरीदकर बढ़ाएं दिव्यांगजनों का हौसला

योगी सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अपने कौशल और प्रतिभा के दम पर आत्मनिर्भर उद्यमी बनाना है। इसी सोच के तहत उनके हुनर को प्रोत्साहित करने और उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

विभाग ने आमजन, सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों, संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों से मेले में पहुंचकर दिव्यांगजनों के बनाए उत्पाद खरीदने की अपील की है। इससे उनके रोजगार और आय के अवसर बढ़ने के साथ आत्मविश्वास भी मजबूत होगा।

आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का मंच बनेगा मेला

‘दिव्य दीपावली मेला’ केवल उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री का आयोजन नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों की प्रतिभा, मेहनत और स्वाभिमान को सम्मान देने का मंच भी है। दीपावली के मौके पर उनके हाथों से तैयार सामान खरीदकर लोग उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की इस पहल में अपना योगदान दे सकते हैं।