तमिलनाडु विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष विजय ने सोमवार को पेरंबूर और त्रिची ईस्ट सीटों से अपना नामांकन दाखिल किया। राज्य में 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।इससे एक दिन पहले विजय ने पार्टी का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें “एंटी-ड्रग प्रोटेक्शन ज़ोन” और छात्रों के लिए मासिक आर्थिक सहायता जैसी घोषणाएं की गईं।
चेन्नई में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विजय ने नशामुक्त और आत्मनिर्भर तमिलनाडु का विजन रखा। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों में एंटी-ड्रग प्रोटेक्शन ज़ोन बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य तमिलनाडु को नशामुक्त बनाना है।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सभी सरकारी परीक्षाएं समय पर आयोजित की जाएंगी और इसमें कोई देरी नहीं होगी। विजय ने स्नातक युवाओं के लिए 4,000 रुपये और डिप्लोमा धारकों के लिए 2,000 रुपये की मासिक सहायता देने का वादा किया।
अपने व्यापक विजन को साझा करते हुए उन्होंने कहा, “हमारा दीर्घकालिक लक्ष्य युवाओं को नौकरी मांगने वालों से नौकरी देने वाला बनाना है।” उन्होंने “लोकल रोजगार फॉर लोकल पीपल” योजना का भी वादा किया, जिसके तहत तमिलनाडु में 75% नौकरियां स्थानीय लोगों को देने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा विजय ने “क्रिएटिव एंटरप्रेन्योर्स स्कीम” की घोषणा की, जिसका उद्देश्य तमिलनाडु को क्रिएटर्स का ग्लोबल हब बनाना है। इस योजना के तहत 1.5 लाख क्रिएटर्स को उद्यमी बनाने और 500 क्रिएटिव स्कूल स्थापित करने की योजना है।
राज्य में मुख्य मुकाबला DMK के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) और AIADMK के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन के बीच माना जा रहा है। विजय अपने राजनीतिक डेब्यू के साथ इस चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबला बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पेरंबूर सीट पर विजय का मुकाबला DMK के मौजूदा विधायक आरडी शेखर से होगा, जबकि त्रिची ईस्ट में उनका सामना DMK उम्मीदवार इनिगो इरुदयराज से है।