उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइंस में एनएसजी और यूपी पुलिस के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था के मामले में बड़ी दूरी तय की है। कभी दंगों और अपराधों के लिए चर्चा में रहने वाला प्रदेश अब कानून के शासन यानी ‘रूल ऑफ लॉ’ की पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब अराजकता और अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। दंगाइयों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने सुरक्षा बलों की तारीफ करते हुए कहा कि देश की शांति और सुरक्षा को चुनौती देने वालों के लिए हमारे जवान किसी काल से कम नहीं हैं। सरकार की नीति साफ है कि न अपराधियों को संरक्षण मिलेगा, न आतंकियों को मौका और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा।
बदलते तरीकों से देश की सुरक्षा को चुनौती दे रहा दुश्मन
सीएम योगी ने कहा कि अब सुरक्षा के खतरे केवल सीधे हमलों तक सीमित नहीं हैं। देश को अंदर से कमजोर करने के लिए कई तरह के नेटवर्क और माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हवाला, नकली नोट, अवैध धर्मांतरण, साइबर अपराध और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस और एटीएस ने ऐसी कई साजिशों का पर्दाफाश किया है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट काम कर रही हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 10 नई यूनिट भी तैयार की गई हैं। एटीएस में अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग और साइबर ऑपरेशन टीम जैसी विशेष इकाइयां भी बनाई गई हैं।
पुलिस व्यवस्था में किए गए कई बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगों और अपराध का माहौल था, लेकिन अब कानून का शासन स्थापित हुआ है। पुलिस भर्ती की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है और पुलिस का बजट पहले के मुकाबले तीन से चार गुना बढ़ाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में साइबर थानों की संख्या दो से बढ़ाकर सभी 75 जिलों तक पहुंचाई गई है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, यूपी-112 की पुलिस रिस्पॉन्स गाड़ियों का औसत प्रतिक्रिया समय पहले 65 मिनट था, जिसे घटाकर अब 5 से 7 मिनट तक लाया गया है।
सीएम योगी के मुताबिक, अपराध से अर्जित 15 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्तियों को जब्त या ध्वस्त किया गया है। इससे डकैती और लूट जैसी घटनाओं में भी कमी आई है। उन्होंने पीएसी की तीन महिला बटालियन और यूपी स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) के गठन को भी प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने वाला कदम बताया।
एनएसजी और एटीएस कमांडो ने दिखाया ऑपरेशन का प्रदर्शन
कार्यक्रम में एनएसजी और एटीएस के कमांडो ने अलग-अलग सुरक्षा अभियानों का प्रदर्शन किया। इसमें आतंकी हमले से निपटने, बंधकों को छुड़ाने, विस्फोटक को निष्क्रिय करने और वीआईपी की सुरक्षा जैसे अभ्यास शामिल रहे।
कमांडो ने हेलिकॉप्टर से उतरकर कार्रवाई करने वाली ‘वर्टिकल एनवेलपमेंट’ तकनीक का भी प्रदर्शन किया। इसके अलावा काफिले के दौरान विस्फोट होने की स्थिति में वीआईपी को सुरक्षित निकालने का अभ्यास भी दिखाया गया।
कार्यक्रम में एनएसजी की K9 यूनिट का विस्फोटक पहचानने वाला डॉग ‘डॉनी’ भी आकर्षण का केंद्र रहा। डॉनी ने फूलों की टोकरी भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
एक महीने तक यूपी पुलिस के जवानों को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग
एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से यूपी पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बेहतर होगा। एक महीने तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में एनएसजी के विशेषज्ञ यूपी पुलिस के चुने हुए जवानों को 13 विशेष पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण देंगे।
इनमें आतंकवाद विरोधी अभियान, विमान अपहरण से निपटने और ड्रोन से जुड़े खतरों का मुकाबला करने की ट्रेनिंग शामिल है। उन्होंने अयोध्या में एनएसजी टास्क फोर्स के लिए 8 एकड़ और मिल्कीपुर में एनएसजी केंद्र के लिए 65 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
प्रशिक्षण और आपसी तालमेल से मजबूत होगी सुरक्षा: अमिताभ यश
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण और जवानों की क्षमता बढ़ाने पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुश्किल सुरक्षा परिस्थितियों में केवल जवानों की संख्या पर्याप्त नहीं होती, बल्कि सही प्रशिक्षण, आपसी तालमेल और पूरी तैयारी भी जरूरी है।
कार्यक्रम में डीजीपी राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, एनएसजी महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश, एनएसजी आईजी ऑपरेशन मेजर जनरल मुकेश भनवाला और एटीएस के पुलिस महानिरीक्षक प्रेम गौतम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और कमांडो मौजूद रहे।