उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने बीसीजी तकनीशियन और कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं जारी की हैं।
आयोग ने बीसीजी तकनीशियन मुख्य परीक्षा के अंकों के आधार पर 76 अभ्यर्थियों को अभिलेख परीक्षण के लिए अर्ह घोषित किया है। इन अभ्यर्थियों का परिणाम 6 नवंबर 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया है। अभ्यर्थी 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक आयोग के निर्धारित पोर्टल पर अपने शैक्षिक, आरक्षण और अन्य जरूरी प्रमाण-पत्र ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। दस्तावेज अपलोड करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
कनिष्ठ विश्लेषक के 8 अभ्यर्थियों की अनुपूरक सूची जारी
वहीं, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) भर्ती के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के आठ अभ्यर्थियों की अनुपूरक सूची जारी की गई है। आयोग ने लिखित परीक्षा के स्कोर और मेरिट के आधार पर यह सूची तैयार की है। इस श्रेणी के लिए पुनरीक्षित कटऑफ अंक 7.25 निर्धारित किए गए हैं। इन आठ अभ्यर्थियों का अभिलेख परीक्षण 13 नवंबर 2026 को दोपहर एक बजे आयोग के कार्यालय, पिकप भवन, गोमतीनगर, लखनऊ में आयोजित होगा।
अभिलेख परीक्षण अंतिम चयन नहीं
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभिलेख परीक्षण के लिए अर्ह घोषित होने का मतलब अंतिम चयन नहीं है। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और निर्धारित नियमों के अनुसार पात्रता सुनिश्चित होने के बाद ही अंतिम चयन किया जाएगा।
योगी सरकार में भर्ती प्रक्रियाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। बीसीजी तकनीशियन और कनिष्ठ विश्लेषक भर्ती के परिणाम जारी होने से प्रदेश के युवाओं को सरकारी सेवाओं में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं और खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम है।