पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और सुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को नई गति दी है। एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और मेट्रो जैसी सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश में आवागमन आसान हुआ है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के मुख्यमंत्री योगी के संकल्प की भी प्रशंसा की।
पूर्व राष्ट्रपति बुधवार को लोकभवन सभागार में अपनी आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा: मेरा जीवन, मेरा संघर्ष’ के हिंदी संस्करण के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए भावनात्मक अवसर है, क्योंकि उनका जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ, यहीं उनकी शिक्षा हुई और यही उनकी कर्मभूमि भी रहा।
भाजपा में राष्ट्र सर्वोपरि, राजनीति का उद्देश्य राष्ट्रसेवा
रामनाथ कोविन्द ने कहा कि भाजपा को राजनीति के लिए चुनने का प्रमुख कारण पार्टी में राष्ट्र सर्वोपरि की भावना है। उन्होंने कहा कि यहां जातिवाद, क्षेत्रवाद और वंशवाद से ऊपर उठकर समावेशी विकास पर जोर दिया जाता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि साधारण शिक्षक के पुत्र अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री बने, कल्याण सिंह ने मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई, गरीब परिवार में जन्मे योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने और चाय बेचने वाले नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने। इसी तरह कमजोर वर्ग से आने वाला व्यक्ति भी राष्ट्रपति पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने इसे भारतीय गणतंत्र की सच्ची विजयगाथा बताया।
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों ने उनके जीवन पर गहरा प्रभाव डाला। उनसे राजनीति को केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का रास्ता मानने की प्रेरणा मिली।
टपकती छत के नीचे बीता बचपन, अब गरीबों को मिल रहे पक्के मकान
रामनाथ कोविन्द ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि कानपुर देहात के एक छोटे से गांव में उनका परिवार साधारण घर में रहता था। बरसात के दिनों में घर की छत टपकती थी। वर्ष 2017 में राष्ट्रपति चुने जाने के बाद उन्हें वे दिन याद आए थे, जब उन्होंने कहा था कि देश के किसी गांव में आज भी कोई बच्चा टपकती छत के नीचे खड़े होकर बेहतर भविष्य के सपने देख रहा होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों ने करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराकर उन्हें गरिमा और सुरक्षा देने का काम किया है।
पूर्व राष्ट्रपति ने बताया कि उनके पिता शिक्षा को जीवन बदलने का माध्यम मानते थे। जमीन दान करने के बावजूद उन्होंने अपने बच्चों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। गांव से मिले भाईचारे, संवेदनशीलता और बड़ों के सम्मान के संस्कार जीवनभर उनके साथ रहे।
उत्तर प्रदेश के विकास और कानून-व्यवस्था की सराहना
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के प्रयासों में तेजी आई है। प्रदेश में एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और मेट्रो जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से गरीब परिवारों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की सराहना करते हुए कहा कि विकास के साथ सुशासन और बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदेश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण हैं।
यूपी से राष्ट्रपति बनना करोड़ों लोगों के सपनों का सम्मान
रामनाथ कोविन्द ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन प्रदेश में जन्मे व्यक्ति को राष्ट्रपति बनने का अवसर पहली बार मिला। उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय प्रदेश के करोड़ों लोगों के सपनों और आकांक्षाओं का सम्मान बताया।
उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आयोजन ने दुनिया के सामने भारत की आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता की शक्ति को प्रदर्शित किया।
पूर्व राष्ट्रपति ने बताया कि उनकी आत्मकथा आने वाले समय में देश की सभी क्षेत्रीय भाषाओं में प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुस्तक पाठकों को उनके जीवन के संघर्षों, अनुभवों और भारतीय गणतंत्र की ताकत को समझने का अवसर देगी।