Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

योगी सरकार के दीपोत्सव में जुड़ेंगे दुनिया भर के रामभक्त, डिजिटल तरीके से अयोध्या में जलेंगे एक लाख दीप

योगी सरकार के नेतृत्व में अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य और वैश्विक स्वरूप देने की तैयारी है। इस बार सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। खास बात यह है कि देश और विदेश में रहने वाले रामभक्त भी डिजिटल माध्यम से इस आयोजन का हिस्सा बन सकेंगे। वे अयोध्या पहुंचे बिना अपने नाम से प्रभु श्रीराम के चरणों में दीप अर्पित करा सकेंगे।

डिजिटल धार्मिक प्लेटफॉर्म 'श्री मंदिर' की ओर से इस वर्ष एक लाख दीप प्रज्ज्वलित कराने की पहल की गई है। इसके तहत लगातार पांचवें साल श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यम से दीपोत्सव से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इस पहल से उन लोगों को भी अयोध्या के दीपोत्सव में भाग लेने का मौका मिलेगा, जो दूरी, स्वास्थ्य या अन्य कारणों से यहां नहीं पहुंच सकते।

एक, पांच, 11 या 21 दीप अर्पित करने का मिलेगा विकल्प

डिजिटल व्यवस्था के तहत श्रद्धालु अपनी इच्छा के अनुसार एक, पांच, 11 या 21 दीप अर्पित करने का विकल्प चुन सकेंगे। इसके बाद अयोध्या के ऐतिहासिक राजद्वार में मौजूद पुरोहित श्रद्धालु के नाम और गोत्र से संकल्प लेकर विधि-विधान से दीप प्रज्ज्वलित करेंगे।

दीप अर्पण की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। बाद में यह वीडियो संबंधित श्रद्धालु के साथ डिजिटल माध्यम से साझा किया जाएगा। इससे देश के दूरदराज इलाकों और विदेशों में रहने वाले लोग भी देख सकेंगे कि अयोध्या में उनके नाम से दीप अर्पित किया गया है।

अखंड रामायण पाठ और पांच हजार से अधिक लोगों के लिए महाअन्नदान

दीपोत्सव-2026 में दीप प्रज्ज्वलन के साथ धार्मिक और सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस दौरान अखंड रामायण पाठ कराया जाएगा। विद्वान आचार्यों और ब्राह्मणों की सेवा के साथ पांच हजार से अधिक साधु-संतों, श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए महाअन्नदान की व्यवस्था की जाएगी। इन कार्यक्रमों का आयोजन भी 'श्री मंदिर' प्लेटफॉर्म की ओर से किया जाएगा।

दुनिया भर के रामभक्तों तक पहुंचेगी अयोध्या की आस्था

'श्री मंदिर' के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशांत सचान ने कहा कि श्रद्धालु की आस्था और उसके आराध्य के पवित्र तीर्थस्थल के बीच दूरी बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या दीपोत्सव को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि दुनिया के किसी भी हिस्से में रहने वाले रामभक्त का संकल्प अयोध्या तक पहुंचे और उसके नाम से विधि-विधान के साथ दीप प्रज्ज्वलित हो।

योगी सरकार के इस आयोजन में परंपरा और आधुनिक तकनीक का मेल देखने को मिलेगा। डिजिटल दीप अर्पण की सुविधा बुजुर्गों, अस्वस्थ लोगों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास तौर पर उपयोगी होगी। इससे अयोध्या के दीपोत्सव में दुनिया भर के रामभक्तों की भागीदारी बढ़ेगी और शहर की सांस्कृतिक व धार्मिक विरासत को वैश्विक पहचान मिलेगी।