राजस्थान के कई शहरों में उस समय हड़कंप मच गया जब पासपोर्ट सेवा केंद्रों और मुख्य डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल सामने आया। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि जयपुर स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि इन परिसरों में 10 जहरीले बम लगाए गए हैं।
धमकी के बाद जैसलमेर, बाड़मेर, चूरू, श्रीगंगानगर, अजमेर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया। खासकर सीमावर्ती जिलों जैसलमेर और बाड़मेर में पासपोर्ट ऑफिस और डाकघरों को खाली कराया गया और आसपास की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। जैसलमेर में करीब 2-3 घंटे तक जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
अधिकारियों के अनुसार, ईमेल गुरुवार सुबह पासपोर्ट ऑफिस की आधिकारिक आईडी पर आया था। एहतियात के तौर पर कर्मचारियों और आवेदकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया और पास के डाकघर को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। जांच के बाद इस धमकी को फर्जी (होक्स) करार दिया गया है। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए आईपी एड्रेस ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की है, साथ ही प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।