Breaking News

फर्जी हस्ताक्षर मामले में TMC की बढ़ी मुश्किलें, CID हेडक्वार्टर पहुंचे अभिषेक बनर्जी-कुणाल घोष     |   न्यूक्लियर हथियार नहीं बनाएगा ईरान, तेल प्रतिबंध हटेंगे, 25 अरब डॉलर की राहत     |   नए दौर में भारत-फ्रांस की दोस्ती, PM मोदी बोले- ये सिर्फ साझेदारी नहीं, साझा भविष्य का संकल्प     |   'भरोसा, इनोवेशन और साझा विजन'... PM मोदी ने बताई भारत-फ्रांस रिश्तों की असली ताकत     |   NEET समेत कई परीक्षाओं के नकली पेपर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुजफ्फरपुर में 4 आरोपी गिरफ्तार     |  

PM मोदी दो देशों की यात्रा के पहले चरण में फ्रांस पहुंचे, जी7 शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फ्रांस पहुंचे, जहां वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करेंगे और जी7 शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे। वह द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से नवाचार पर केंद्रित प्रमुख कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी पांच दिन की यात्रा के पहले चरण में नीस पहुंचे।

नीस कोटे दा अजूर हवाई अड्डे पर फ्रांस के शिक्षा मंत्री एडुआर्ड गेफ्रे, उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री फिलिप बैप्टिस्ट, भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू, नीस के महापौर एरिक सिओटी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नीस पहुंच गया हूं। फ्रांस की इस यात्रा में नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी कार्यक्रम होंगे। इसमें द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी, जिनका मकसद विकास के अहम साझेदारों के साथ भारत की दोस्ती को और मजबूत करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कल फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम में शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।’’ अपनी यात्रा के पहले चरण में, प्रधानमंत्री रविवार को मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे और उनके ‘भारत इनोवेट्स’ का उद्घाटन भी करेंगे।

इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवाचार स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ आएंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस के द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे, जिन्हें इस साल की शुरुआत में ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया गया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस दौरे से अहम क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को और मज़बूत करने का मौका मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वे बड़ी संख्या में तिरंगा लहराते हुए और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए वहां इकट्ठा हुए।

पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘नीस में भारतीय समुदाय की ओर से यादगार स्वागत। भले ही वे घर से कई किलोमीटर दूर हों, लेकिन भारत के साथ हमारे प्रवासी समुदाय का रिश्ता पहले की तरह ही मज़बूत बना हुआ है।’’ प्रधानमंत्री मोदी के आगमन के सम्मान में नीस के मेयर कार्यालय सिटी हॉल में तिरंगा फहराया गया, जो किसी विदेशी नेता के लिए एक दुर्लभ सम्मानजनक कदम माना जाता है। फ्रांस के दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14-15 जून को राजकीय यात्रा पर स्लोवाकिया जाएंगे।