Breaking News

पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |   आज से दो दिन गुजरात के दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |   छत्तीसगढ़ में ‘अर्णब’ का कहर, पेंड्रा में धान की फसल बर्बाद; स्कूल-आंगनवाड़ी बंद     |  

दसवें दीपोत्सव पर रोशनी से जगमगाएंगे अयोध्या के 41 मठ-मंदिर, दिखेगा भव्य नजारा

अयोध्या में दसवें दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार रामनगरी में सिर्फ रामपथ ही नहीं, बल्कि 41 प्रमुख मठ-मंदिरों और धार्मिक स्थलों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने वाले दीपोत्सव के दौरान इन धार्मिक स्थलों पर पारंपरिक झालरों के साथ आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे रात के समय पूरी अयोध्या रोशनी से जगमगाती नजर आएगी।

श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद ने इसके लिए 41 मठ-मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सूची तैयार की है। सभी स्थानों पर जरूरत के अनुसार झालरें लगाई जाएंगी। सैकड़ों झालरों से सजे ये धार्मिक स्थल दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। योगी सरकार का उद्देश्य अयोध्या के धार्मिक और सांस्कृतिक वैभव को भव्य स्वरूप में प्रस्तुत करना है।

छोटी छावनी से दशरथ महल तक 41 स्थलों पर सजावट

तीर्थ विकास परिषद की सूची में छोटी छावनी मंदिर, वाल्मीकि मंदिर, चारधाम मंदिर, दिगम्बर अखाड़ा, बड़ा भक्त महल, दशरथ महल, सनकादिक आश्रम, जानकी घाट, कौशल्या सदन, अशर्फी भवन, रामवल्लभाकुंज, लक्ष्मण किला, सुग्रीव किला, श्रीधाम रामकोट, रंग महल और क्षीरेश्वर मंदिर सहित कई प्रमुख स्थल शामिल हैं।

इसके अलावा झुनकीघाट मंदिर, नाका हनुमानगढ़ी, उदासीन संगत आश्रम (रानोपाली), फटिक शिला, रामकचेहरी, गुरुद्वारा ब्रह्मकुंड, राजसदन, सहादतगंज हनुमानगढ़ी, दरिद्री आश्रम, श्री हनुमान मंदिर पक्का घाट, कारसेवकपुरम परिसर, कारसेवकपुरम कार्यशाला, मंगल भवन, सुंदरधाम और महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ समेत अन्य धार्मिक स्थलों को भी सजाया जाएगा।

पारंपरिक झालरों और आधुनिक लाइटिंग का संगम

परिषद की योजना के तहत प्रत्येक धार्मिक स्थल पर जरूरत के हिसाब से झालरों की संख्या तय की गई है। पारंपरिक सजावट और आधुनिक लाइटिंग के मेल से मठ-मंदिरों की सुंदरता को निखारा जाएगा। इससे रात के समय इनकी भव्यता और स्थापत्य कला भी आकर्षक रूप में दिखाई देगी।

पिछले दीपोत्सवों में लाखों दीयों से अयोध्या को रोशन किया गया था। इस बार दीयों के साथ प्रमुख मठ-मंदिरों की सजावट पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि रामनगरी के धार्मिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक रूप से प्रदर्शित किया जा सके।

दीपोत्सव से पहले पूरी होगी सजावट

श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान मठ-मंदिरों को पारंपरिक झालरों और आधुनिक लाइटिंग के मिश्रण से सजाया जाएगा। सभी स्थलों पर सजावट का काम दीपोत्सव से पहले पूरा करने की योजना है। उन्होंने कहा कि रात के समय ये धार्मिक स्थल रोशनी से नहाए हुए दिखाई देंगे और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को भव्य नजारा देखने को मिलेगा।

स्थानीय लोगों और संत-महंतों में भी इन तैयारियों को लेकर उत्साह है। 41 मठ-मंदिरों के एक साथ जगमगाने से अयोध्या की सुंदरता और आकर्षण में बढ़ोतरी होगी। योगी सरकार के दसवें दीपोत्सव में यह विशेष सजावट रामनगरी के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन वैभव को नया स्वरूप देने जा रही है।