केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि यूपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई हटा नहीं सकता। शाह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एक बार फिर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनती है तो यहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बीजेपी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही उसकी असली ताकत हैं।
राम मंदिर आंदोलन का जिक्र कर विपक्ष पर साधा निशाना
अमित शाह ने 30 अक्टूबर 1990 की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इसी दिन अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राम भक्तों पर गोली चलाने वाले आज किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने राम मंदिर का निर्माण कराया है और जनता राम भक्तों पर गोली चलाने की घटना को नहीं भूलेगी। शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया था।
तीसरी बार सरकार बनाने का किया दावा
गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार फिर बनने जा रही है और इसमें किसी तरह की दुविधा नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुटने और पार्टी को लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने का आह्वान किया।
वोट चोरी के आरोपों पर संसद में चर्चा की चुनौती
अमित शाह ने चुनाव में हार के बाद चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैच हारने के बाद अंपायर पर आरोप लगाए जा रहे हैं और वोट चोरी की बात कही जा रही है।
शाह ने कहा कि बीजेपी संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष को विशेष सत्र बुलाकर संसद में चर्चा करने की चुनौती दी और कहा कि सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।