उत्तर प्रदेश के झांसी की एक अदालत ने अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला साल 2010 में हुई आत्महत्या से जुड़ा है। आरोप है कि राखी सावंत के टेलीविजन शो ‘राखी का इंसाफ’ में की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी से आहत होकर एक स्थानीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी।
जिला शासकीय अधिवक्ता (अपराध) मृदुल कांत श्रीवास्तव के मुताबिक, त्वरित अदालत के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने राखी सावंत के बार-बार अदालत में पेश नहीं होने के कारण शुक्रवार को गैर-जमानती वारंट जारी किया।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला झांसी के हंसारी प्रेम नगर इलाके के रहने वाले लक्ष्मण अहिरवार से जुड़ा है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, लक्ष्मण ने 10 नवंबर 2010 को आत्महत्या कर ली थी। उनकी मां सावित्री ने प्रेम नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अक्टूबर 2010 में प्रसारित ‘राखी का इंसाफ’ शो के एक एपिसोड में राखी सावंत ने उनके बेटे के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। परिवार का आरोप था कि इन टिप्पणियों से आहत होकर लक्ष्मण ने यह कदम उठाया।
वैवाहिक विवाद के बाद शो में पहुंचे थे दंपति
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, लक्ष्मण अहिरवार और उनकी पत्नी अनीता को वैवाहिक विवाद के बाद शो में बुलाया गया था। अनीता राजगढ़ की रहने वाली थीं और पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद वह अपने मायके लौट गई थीं। इस मामले में अदालत की अगली सुनवाई एक दिसंबर को निर्धारित की गई है।