Breaking News

ग्रेटर नोएडा में खुलेगा दिल्ली-NCR का पहला लुलु हाइपरमार्केट, आज दोपहर होगा उद्घाटन     |   दिल्ली के JLN स्टेडियम में आज होगा वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल इवेंट     |   मेक्सिको के प्रशांत तट पर तूफान ट्रूडी का खतरा, कई इलाकों में हरीकेन वॉर्निंग जारी     |   अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर मायावती का जवाब- किसी भी कीमत पर पार्टी में नहीं लेंगे     |   ग्वालियर: ट्रक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत, कई की हालत नाजुक     |  

योगी सरकार की पहल से सोनू मलान ने तोड़ी परंपरा, बनीं अलीगढ़ मंडल की इकलौती महिला बस चालक

नवरात्र के अवसर पर अलीगढ़ की सोनू मलान की कहानी महिला सशक्तीकरण की मिसाल बनकर सामने आई है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में बस चालक सोनू ने पुरुष प्रधान माने जाने वाले इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह रोज अलीगढ़ से नोएडा के बीच बस चलाकर यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाती हैं। योगी सरकार की पहल से मिले अवसर और अपने हौसले के दम पर सोनू ने साबित किया है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।

अलीगढ़ मंडल की इकलौती महिला बस चालक

अलीगढ़ के जट्टारी क्षेत्र के हजियापुर गांव की रहने वाली 28 वर्षीय सोनू मलान ने वर्ष 2021 में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में बस चालक के रूप में काम शुरू किया था। वह अलीगढ़ मंडल की इकलौती महिला बस चालक हैं। सोनू रोज अलीगढ़ और नोएडा के बीच चार चक्कर लगाती हैं और करीब 540 किलोमीटर की दूरी तय करती हैं।

बस की ड्राइविंग सीट पर सोनू को देखकर कई यात्री हैरान रह जाते हैं। हालांकि, उनकी कुशल ड्राइविंग और जिम्मेदारी देखकर यात्री उनकी तारीफ भी करते हैं। सोनू का यह सफर उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से परंपरागत सोच को बदलना चाहती हैं।

12 साल की उम्र से था गाड़ी चलाने का शौक

सोनू मलान को बचपन से ही गाड़ियां चलाने का शौक था। महज 12 साल की उम्र में उन्होंने गांव में खेती-किसानी के काम के लिए ट्रैक्टर चलाना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे यही शौक उनका जुनून बन गया।

वर्ष 2021 में जब उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में महिला बस चालकों की भर्ती का अवसर आया, तो सोनू ने भी आवेदन किया। चयनित महिलाओं में अलीगढ़ की सोनू मलान और गाजियाबाद के सिकंदराबाद क्षेत्र की वेद कुमारी शामिल थीं। इस अवसर ने सोनू को अपने शौक को पेशे में बदलने का मौका दिया।

सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय हैं सोनू

सोनू मलान की लोकप्रियता सड़कों तक ही सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर भी उनके 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनके यूट्यूब पर करीब दो लाख, इंस्टाग्राम पर डेढ़ लाख और फेसबुक पर साढ़े छह लाख फॉलोअर्स हैं।

सोनू अक्सर बस चलाने से जुड़े वीडियो साझा करती हैं, जिन्हें लोग खूब पसंद करते हैं। अपने काम और वीडियो के जरिए वह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

परिवार के सहयोग से पूरा किया सपना

सोनू बताती हैं कि शुरुआत में कई लोगों ने कहा था कि बस चलाना पुरुषों का काम है, लेकिन उन्होंने इन बातों को अपने रास्ते की बाधा नहीं बनने दिया। उनके मुताबिक, योगी सरकार में उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला और परिवार के सहयोग ने उनका हौसला बढ़ाया।

उनका भाई भी उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में बस चालक है, जबकि उनके पिता शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। सोनू के अनुसार, बस में सफर करने वाली कई महिलाएं उन्हें देखकर सुरक्षित महसूस करती हैं और उनके काम की सराहना करती हैं। सोनू मलान की कहानी बताती है कि सही अवसर, परिवार का साथ और दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।