Breaking News

नेपाल की बाढ़ से 22 लाख टन मलबा, 17 नगरपालिकाओं में 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित     |   कांगो में इबोला का कहर तेज, 3 हजार पहुंचा मौतों का आंकड़ा     |   कानपुर: पेपर लीक के आरोप के बाद एक सेंटर पर BSF की परीक्षा रद्द     |   रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बन सकते हैं राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO     |   अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा, फिर शुरू हुए जवाबी हमले     |  

निर्मला सीतारमण ने IMF प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से की मुलाकात, वैश्विक अर्थव्यवस्था और भारत की विकास यात्रा पर चर्चा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से मुलाकात की और वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और भारत के बदलते वृद्धि परिवेश पर चर्चा की। सीतारमण ने मंगलवार को एशविल में जी20 सदस्य देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर (एफएमसीबीजी) की बैठक से इतर जॉर्जीवा से मुलाकात की। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘‘ बैठक में भारत में जारी संरचनात्मक बदलावों एवं व्यापक आर्थिक आकलन और वृद्धि के अनुमानों में इन बदलावों को उचित रूप से शामिल करने के महत्व पर भी चर्चा हुई।’’

मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और भारत की बदलती विकास यात्रा पर चर्चा की। जॉर्जीवा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ विचार साझा किए। भारत के शानदार वृद्धि प्रदर्शन, वैश्विक परिदृश्य और साथ मिलकर काम करने के हमारे साझा संकल्प पर विचार किया।’’ वित्त मंत्रालय के बयान के अनुसार, आईएमएफ की प्रबंध निदेशक ने भारत के मजबूत आर्थिक प्रदर्शन की सराहना की तथा कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती हासिल की है।

वित्त मंत्री ने भारत की मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियाद तथा उभरते बाजारों एवं विकासशील अर्थव्यवस्थाओं (ईएमडीई) में हो रहे संरचनात्मक बदलावों को पर्याप्त रूप से दर्शाने वाले मजबूत और साक्ष्य-आधारित निगरानी ढांचे के महत्व पर जोर दिया। बैठक में उभरते बाजारों एवं विकासशील अर्थव्यवस्थाओं (ईएमडीई) में संस्थागत क्षमता, व्यापक आर्थिक नीति निर्माण और सांख्यिकीय प्रणालियों को मजबूत करने के लिए समर्थन सहित आईएमएफ की क्षमता विकास पहलों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने विश्लेषणात्मक क्षमताओं को मजबूत करने, मजबूत व्यापक आर्थिक नीतियों को समर्थन देने और वैश्विक आर्थिक मजबूती में योगदान के लिए भारत-आईएमएफ के निरंतर सहयोग के महत्व पर जोर दिया।