Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

जबलपुर में बारिश के कारण फैक्ट्री की दीवार गिरी, मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बारिश के कारण एक फैक्ट्री की दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा जिले के राइट टाउन इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में हुआ। बताया गया कि मजदूर फैक्ट्री में डिस्मेंटलिंग (हटाने) के काम के तहत लोहे की कटिंग कर रहे थे, तभी बारिश के कारण दीवार अचानक गिर गई और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए।

मदन महल थाने के सब-इंस्पेक्टर सतीश अनुरागी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, "हमें आज फैक्ट्री से सूचना मिली कि वहां मजदूरी का काम चल रहा था और दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हम तुरंत मौके पर पहुंचे। मृतकों की पहचान नसीम और अकबर के रूप में हुई है। उनके ठेकेदार को बुलाया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।"

एसआई अनुरागी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके बारे में बाद में जानकारी साझा की जाएगी। वहीं, ठेकेदार मिर्जा जाकिर हुसैन ने बताया कि हादसे के समय मजदूर परिसर के अंदर लोहे की कटिंग कर रहे थे। उन्होंने कहा, "मजदूर अंदर लोहे की कटिंग कर रहे थे। बारिश के कारण दीवार गिर गई और वे उसके नीचे दब गए। वे ऊंचाई पर काम नहीं कर रहे थे। मजदूर नीचे काम कर रहे थे और लोहे की कटिंग कर रहे थे। दीवार कमजोर होकर अंदर की ओर गिर गई।"

जब ठेकेदार से बारिश के मौसम में मजदूरों से बिना सुरक्षा उपायों के काम कराने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि मजदूर सिर्फ लोहे की कटिंग कर रहे थे, दीवार या इमारत को नहीं तोड़ रहे थे। उनके मुताबिक, अगर दीवार तोड़ने या ऊंचाई पर काम करने की स्थिति होती, तो सुरक्षा उपायों पर ध्यान दिया जाता।