Breaking News

जंतर-मंतर विवाद , रुचिका सिंह अभद्र टिप्पणी मामले में शिकायतकर्ता ने वापस ली शिकायत     |   केंद्र सरकार ने गृह सचिव गोविंद मोहन का कार्यकाल अगस्त 2027 तक बढ़ाया     |   यूपी के शामली में एक लाख का इनामी बदमाश फुरकान मुठभेड़ में ढेर, एक सिपाही भी घायल     |   Instagram पर आपत्तिजनक बाल यौन शोषण सामग्री मामले में NHRC ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को तलब किया     |   सदन में समाजवादी पार्टी ने चर्चा नहीं होने दी: योगी आदित्यनाथ     |  

दिल्ली में नई नौकरी के पहले ही दिन लापता हुआ मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, अपहरण का मामला दर्ज

दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके में 35 वर्षीय मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। गुरुग्राम में नई नौकरी के पहले ही दिन युवक के गायब होने के बाद दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत शाहबाद डेयरी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता और सेवानिवृत्त सेना कर्मी सत्तन बाबू ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा प्रशांत 3 अगस्त को गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में मेडिकल प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग से जुड़ी अपनी नई नौकरी के पहले दिन घर से निकला था।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब 8:05 बजे प्रशांत ने फोन कर बताया कि वह 15-20 मिनट में घर पहुंच जाएगा। इसके कुछ देर बाद उसने अपने भाई को फोन कर कहा कि उसकी गाड़ी की एक बुजुर्ग दंपति की गाड़ी से हल्की टक्कर हो गई है और वह उन्हें रोहिणी सेक्टर-28 छोड़ने जा रहा है। करीब 9:10 बजे प्रशांत के भाई के पास दोबारा फोन आया। इस दौरान उसने प्रशांत को कहते हुए सुना, "दीपू... दीपू... रुको", जिसके तुरंत बाद कॉल अचानक कट गई। इसके बाद से प्रशांत का मोबाइल फोन बंद हो गया।

परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो उसकी कार रोहिणी सेक्टर-28 से खेड़ा जाने वाली सड़क पर नहर के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। कार लॉक थी। डुप्लीकेट चाबी से कार खोलने पर परिवार ने देखा कि उसमें रखा प्रशांत का लैपटॉप और मोबाइल चार्जर गायब था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्राइम टीम तथा फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें प्रशांत का पता लगाने और मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी हैं।