Breaking News

सहारनपुर: कांवड़ यात्रा सुरक्षा को पुलिस का कंट्रोल रूम तैयार, 3 हजार CCTV लगाए     |   अगस्त महीने में देश भर में सामान्य से कम होगी बारिश, मौसम विभाग ने जताई आशंका     |   अगस्त महीने में देश भर में सामान्य से कम होगी बारिश, मौसम विभाग ने जताई आशंका     |   उत्तराखंड: हरिद्वार में गंगा नदी में 4 कांवड़िए डूबे, SDRF ने सभी शव बरामद किए     |   राष्ट्रमंडल खेलः महिला बॉक्सिंग के फाइनल में पहुंचीं प्रीति पवार, पक्का किया रजत पदक     |  

ऑपरेशन प्रहार के तहत दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 72 घंटे में 34 मामलों में 44 आरोपी गिरफ्तार

सड़क अपराध और संगठित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत उत्तर-पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 72 घंटे के अभियान के दौरान 34 मामलों में 44 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें तीन घोषित अपराधी (PO) भी शामिल हैं। पुलिस ने पांच लापता लोगों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिवारों से मिलाया। दिल्ली पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान चोरी, लूट, झपटमारी, वाहन चोरी, जुआ और साइबर ठगी जैसे अपराधों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस दौरान हथियार, चोरी के वाहन, अवैध शराब और अन्य आपराधिक सामान भी बरामद किया।

अशोक विहार पुलिस ने 31 मामलों में शामिल रहे कुख्यात बदमाश और सेंधमार चंदन उर्फ राहुल को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण पूरी तरह बरामद कर लिए गए। वहीं, सुभाष प्लेस पुलिस ने वारदात के आठ घंटे के भीतर तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया। उनके पास से देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, लूटी गई नकदी और चोरी की स्कूटी बरामद हुई।

मुखर्जी नगर और आदर्श नगर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो सक्रिय झपटमारों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में शामिल राशिद के खिलाफ विभिन्न जिलों में झपटमारी के 10 मामले दर्ज हैं, जबकि उसका कुल आपराधिक रिकॉर्ड 41 मामलों का बताया गया है। इसके अलावा, AATS टीम ने महेंद्र पार्क में हुई झपटमारी की एक वारदात को सुलझाते हुए चोरी की पूरी संपत्ति बरामद की।

पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का भी पर्दाफाश किया। AATS उत्तर-पश्चिम की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें आदतन अपराधी पुरु छापरिया भी शामिल है। उसके खिलाफ हथियार के बल पर लूट के 15 मामलों में संलिप्तता बताई गई है। पुलिस ने एक चोरी की कार, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, और एक चोरी की स्कूटी बरामद की। कार्रवाई के दौरान हुई हाथापाई में एक पुलिसकर्मी को मामूली चोट भी आई। वहीं, मौर्या एन्क्लेव पुलिस ने एक अन्य वाहन चोर सोनू उर्फ हक्कू को गिरफ्तार कर उसके पास से दो चोरी की स्कूटी बरामद कीं।

साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर-पश्चिमी साइबर सेल ने कोलकाता से रोशन शर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसे पकड़ने के लिए चार राज्यों में करीब 1,600 किलोमीटर तक पीछा किया गया। आरोपी कथित तौर पर मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर खुद को अमीर कारोबारी बताकर महिलाओं से ठगी और जबरन वसूली करता था। पुलिस ने उसके पास से कई पीड़ितों के निजी वीडियो वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए।

एक अन्य साइबर ठगी के मामले में घरेलू सहायक शिव नारायण को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसने अपने बुजुर्ग नियोक्ता के बैंकिंग विवरण का इस्तेमाल कर फर्जी UPI ID बनाई और 4.01 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। कई राज्यों से होते हुए भागने के बाद उसे ऋषिकेश से पकड़ा गया। 72 घंटे के इस अभियान के दौरान अवैध कारोबार के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया और कुल 784 क्वार्टर बोतलें बरामद कीं।

इसके अलावा, आजादपुर और पीतमपुरा के TPC सेंटर में छापेमारी कर अवैध जुआ खेलने के आरोप में 10 लोगों को पकड़ा गया। उनके पास से 21 हजार रुपये से अधिक की नकदी और जुए का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने सामाजिक पुलिसिंग के तहत भी कार्रवाई करते हुए जहांगीरपुरी, आदर्श नगर और मुखर्जी नगर से लापता चार नाबालिगों और एक बौद्धिक दिव्यांग व्यक्ति को सुरक्षित बरामद किया। सभी पांच लोगों को उनके परिवारों से मिलाया गया। तीन दिन तक चले इस अभियान में पुलिस ने कई देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, चाकू, चोरी के आभूषण, 10 से अधिक झपटे गए मोबाइल फोन, चोरी की SUV और दोपहिया वाहन तथा 800 से अधिक बोतल अवैध शराब बरामद की।