गौरीकुंड हाईवे पर तिलवाड़ा के पास रविवार सुबह लगभग पांच बजे एक वाहन के गहरी खाई में गिरने से पांच यात्री घायल हो गए, यात्रियों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक महिंद्रा एक्सयूवी 700 (यूपी16-डीके0856) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी किनारे पानी में जा गिरी है।
सूचना मिलते ही चौकी तिलवाड़ा और कोतवाली अगस्त्यमुनि की पुलिस टीम आवश्यक आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। साथ ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ तथा 108 आपातकालीन सेवा को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में पश्चिम बंगाल से केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे पांच यात्री सवार थे।
नदी किनारे पानी में फंसे वाहन से यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। राहत एवं बचाव दल की तत्परता से सभी पांचों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।हालांकि हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें आई हैं। वहीं चालक समेत तीन पुरुषों को मामूली चोटें लगी हैं। सभी घायलों को खाई से निकालकर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी यात्री केदारनाथ यात्रा पर जा रहे थे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।