Breaking News

AAP को छोड़कर राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल बीजेपी में शामिल हुए     |   राज्यसभा के सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल बीजेपी मुख्यालय पहुंचे     |   ‘केजरीवाल और उनके इशारे पर AAP अपने आदर्शों से भटकी’, स्वाति मालिवाल का X पोस्ट     |   ‘भारतीय जनता पार्टी के पास पंजाब में कोई चेहरा नहीं’, बोले मुख्यमंत्री भगवंत मान     |   ‘भारतीय जनता पार्टी ने पंजाबियों के साथ गद्दारी की’, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा     |  

दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, ब्लैकमेलिंग और वसूली का आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर-स्टेट सेल (ISC) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राकेश शर्मा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे विशेष सूचना के आधार पर नई दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला हरियाणा के गुरुग्राम के पालम विहार थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 133/26 (दिनांक 21 मार्च 2026) से जुड़ा है। महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि कोविड के दौरान वह आरोपी की योग क्लास में शामिल हुई थी, जहां आरोपी ने उससे नजदीकी बढ़ाई और बाद में शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने महिला से आर्थिक मदद भी ली।

आरोप है कि आरोपी ने उनके निजी पलों के आपत्तिजनक वीडियो गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर लिए और उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पहले उसने महिला से 3 लाख रुपये वसूले और वीडियो डिलीट करने का झूठा वादा किया। इसके बाद मार्च 2026 में उसने फिर से महिला से संपर्क किया, आपत्तिजनक वीडियो उसके पति को भेज दिए और 15 लाख रुपये की मांग की। 21 मार्च को जब उसकी पत्नी नीतू शर्मा पैसे लेने पहुंची, तो गुरुग्राम पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया था।

पूछताछ में राकेश शर्मा ने स्वीकार किया कि उसने वीडियो की कॉपी अपने पास रखी थी और आर्थिक तंगी के चलते दोबारा वसूली शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद में एक हत्या के मामले में शामिल रहा है। वह करीब 8-9 साल तक जेल में रहा और 2018 में जमानत पर बाहर आया था। फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।