Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

इंदौर में बड़ी कामयाबी, पुलिस ने घंटों में छुड़ाए अपहृत बच्चे, 4 आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत दो नाबालिग लड़कों को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया और इस मामले में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम पलासिया थाना क्षेत्र के तिरुपति गार्डन से दोनों बच्चों का अपहरण किया गया था। आरोपियों ने बच्चों के परिजनों से 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इस वारदात में पुरुषों और महिलाओं का एक समूह शामिल है।

पुलिस ने चालाकी से अपहरणकर्ताओं से संपर्क कर खुद को बच्चों के परिजन बताकर बातचीत शुरू की, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस की जा सकी। इसके बाद दत्त नगर क्षेत्र के एक फ्लैट पर छापा मारकर दोनों बच्चों को सुरक्षित छुड़ा लिया गया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पलासिया थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विनीत (22) और राधिका (19) भाई-बहन हैं, जबकि तानिशा (21) और ललित (21) पति-पत्नी हैं। सभी आरोपी इंदौर के ही निवासी हैं। बच्चों को दत्त नगर स्थित ललित और तानिशा के फ्लैट में रखा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे और अपने भविष्य की योजनाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।