महाराष्ट्र में विधान परिषद की पांच सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा। बीजेपी ने पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट से स्मिता जाधव, नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट से सुधाकर कोहले और पुणे डिवीजन टीचर्स सीट से कौस्तुभ गावड़े को उम्मीदवार बनाया है। इन चुनावों में ग्रेजुएट्स और टीचर्स निर्वाचन क्षेत्रों की पांच विधान परिषद सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को पूरा हो रहा है।
इन पांच सीटों पर होगा चुनाव
महाराष्ट्र की जिन पांच सीटों पर चुनाव होना है, उनमें औरंगाबाद (संभाजीनगर) डिवीजन ग्रेजुएट्स, पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स, नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स, अमरावती डिवीजन टीचर्स और पुणे डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं। कांग्रेस पहले ही पांच में से तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट से अभिजीत वंजारी और पुणे डिवीजन टीचर्स सीट से जयंत दिनकर असगांवकर को दोबारा मैदान में उतारा है। वहीं अमरावती डिवीजन टीचर्स सीट से अदिति पोहारे को टिकट दिया गया है।
6 अक्टूबर तक नामांकन
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर को औपचारिक अधिसूचना जारी हो चुकी है। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। सभी पांच सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। चुनाव से जुड़ी पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी होने की उम्मीद है।