दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने फर्जी सरकारी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामलों में वांछित आरोपी कुशल समीर मेहता को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 1 अक्टूबर को मुंबई के बोरीवली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, मेहता दिल्ली में दर्ज दो बड़े मामलों में आरोपी है। इन मामलों में फर्जी दस्तावेजों के जरिए 21 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी या धोखाधड़ी की कोशिश का आरोप है। आरोपी कथित तौर पर केंद्रीय मंत्रालयों, अदालतों और वित्तीय संस्थानों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को भरोसे में लेता था।
₹18.62 करोड़ के सरकारी भुगतान को हड़पने की कोशिश
पहला मामला FIR 109/2022 है। यह मामला वित्त मंत्रालय के अधिकारियों की शिकायत पर दर्ज किया गया था। आरोप है कि फर्जी ट्रेजरी दस्तावेजों और नकली स्वीकृति पत्रों के जरिए करीब 18.62 करोड़ रुपये के सरकारी भुगतान को जारी कराने की कोशिश की गई।
इस रकम में Andy’s Creation के लिए 7.62 करोड़ रुपये और Essenzaa Nutrition Pvt. Ltd. के लिए 11 करोड़ रुपये शामिल थे। दस्तावेजों की आंतरिक जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद भुगतान रोक दिया गया। जांच में सामने आया कि मेहता ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। इनमें कारोबार की विश्वसनीयता दिखाने के लिए नकली रक्षा और सेना के सप्लाई ऑर्डर भी शामिल थे।
कारोबारी से ₹3.12 करोड़ ठगने का आरोप
दूसरा मामला FIR 118/2025 अहमदाबाद के एक कारोबारी की शिकायत पर दर्ज हुआ। कारोबारी ने आरोप लगाया कि मेहता ने सरकारी संपर्कों का इस्तेमाल कर आधिकारिक काम कराने और खोई हुई रकम वापस दिलाने का भरोसा देकर उससे समय-समय पर 3.12 करोड़ रुपये ठग लिए।
आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए केंद्रीय मंत्रालयों, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), अदालतों और बैंकिंग संस्थानों के नकली लेटरहेड और मुहरों वाले दस्तावेज दिखाए।
फोन और लोकेशन से मुंबई तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, 2022 के मामले में कोर्ट के समन और वारंट की बार-बार अनदेखी करने के बाद EOW की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी निगरानी में फोन रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा का विश्लेषण किया गया। जांच टीम ने गुजरात के पालिताना, अहमदाबाद और वडोदरा में उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया। बाद में पता चला कि वह मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हो चुका है।
दिल्ली EOW ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय रेलवे पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। आरोपी को ट्रेन नंबर 12928 के बोरीवली स्टेशन पहुंचने पर 1 अक्टूबर की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
चार दिन की पुलिस हिरासत
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया। स्थानीय अदालत ने विस्तृत पूछताछ के लिए उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस के अनुसार, मेहता मुंबई में दर्ज कम से कम दो अन्य सक्रिय फर्जीवाड़े के मामलों से भी जुड़ा हुआ है। अब जांच एजेंसी फर्जी सरकारी दस्तावेजों की छपाई और वितरण के पीछे सक्रिय पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है।