कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में पुलिस ने सोमवार को बताया कि 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें आठ विदेशी नागरिक शामिल हैं और उनके पास से लगभग 55.80 करोड़ रुपये की कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि ये कार्रवाई ''बेड़ा ब्रो'' कार्यक्रम के तहत की गई, जो 'मिशन राइज' और बेंगलुरू शहर पुलिस के ड्रग-विरोधी अभियान का हिस्सा है।
बेंगलुरू शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि 'मिशन राइज' के तहत बेंगलुरू और अन्य राज्यों मसलन दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और केरल में अलग-अलग जगहों से 55 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के ड्रग्स जब्त किए गए। जब्त किए गए पदार्थों में एमडीएमए, हाइड्रो गांजा, कोकीन और गांजा शामिल थे। उन्होंने कहा, "इस ऑपरेशन में 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें आठ विदेशी, दूसरे राज्यों के 21 लोग और 10 स्थानीय लोग शामिल हैं। ये शहर की पुलिस की 16 यूनिट्स (जिनमें सीसीबी भी शामिल है) द्वारा चलाया गया एक बड़ा ऑपरेशन है।"
जब्त किए गए नशीले पदार्थों में 21 किलो 641 ग्राम एमडीएमए, 738 ग्राम कोकीन, चार किलो 493 ग्राम हाइड्रो गांजा, 184 किलो 625 ग्राम गांजा, एक किलो 65 ग्राम अफीम और 25 ग्राम मॉर्फिन शामिल थे; इसके अलावा 17 लाख रुपये नकद, 22 मोबाइल फोन और पांच दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अलग-अलग तारीखों पर न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।