Breaking News

UP में बारिश-आंधी का कहर, 48 घंटे में 15 मौतें     |   भारत-वेस्टइंडीज पहला वनडे आज, तिरुवनंतपुरम में होगा मुकाबला     |   आज प्रसारित होगा PM मोदी के 'मन की बात' का 138वां एपिसोड     |   जोधपुर के आसमान में गरजे अमेरिकी फाइटर जेट, F-35 ने भी दिखाया दम     |   अमेरिका के न्यू जर्सी में बाढ़ का पानी, नॉरईस्टर से बिगड़े हालात     |  

भारी बारिश से प्रभावितों को तत्काल राहत, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण हुई जनहानि और पशुहानि के मामलों में नियमानुसार जल्द मुआवजा दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने बारिश के कारण जिन लोगों के घर गिर गए हैं, उन्हें भी अनुमन्य आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही फसल नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने को कहा गया है।

बाढ़ प्रभावितों को राहत केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य पूरी गंभीरता के साथ चलाए जाएं। बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल बाढ़ राहत केंद्रों और शरणालयों तक पहुंचाया जाए।

जिन लोगों के घर गिरने से वे बेघर हो गए हैं, उनके लिए भी राहत और शरणालय केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार उन्हें हर संभव सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

फील्ड में रहें वरिष्ठ अधिकारी

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के साथ प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनी जाएं और उपलब्ध संसाधनों से उनका तत्काल समाधान कराया जाए।

अतिवृष्टि से हुई जनहानि और पशुहानि के मामलों में मुआवजा वितरण में देरी नहीं होनी चाहिए। वहीं, बारिश से घर गिरने के कारण प्रभावित परिवारों को भी नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा है और प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।