आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पलमनेर इलाके में वी. कोटा एक्सप्रेस हाईवे पर रामापुरम के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, कार कर्नाटक से तिरुपति की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक टायर फटने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान तिरुपति निवासी गौतमी और मानसा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, परिवार कर्नाटक से वापस तिरुपति लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। हादसे में मृतक महिलाओं में से एक का पति और उनके दो दोस्त भी घायल हुए हैं। तीनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह टायर फटना और कार का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।